IPL 2023 में सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक क्लोज मुकाबले में जाकर 8 रन से मैच हार गई। शिवम दुबे और डेवोन कॉनवे सीएसके की जीत के हीरो रहे। कॉनवे ने 45 गेंदों में 83 रन तो शिवम दुबे ने 27 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। शिवम दुबे ने इस दौरान 192.59 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। आपको बता दें कि शिवम दुबे का आरसीबी की टीम से भी गहरा नाता रहा है। उन्होंने 2019 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए ही अपना आईपीएल डेब्यू किया था।

शिवम दुबे ने आरसीबी की ओर से किया था IPL डेब्यू

बता दें कि 2018 में आरसीबी ने शिवम दुबे को 5 करोड़ रुपए में खरीदा था। 2019 में दुबे ने अपना आईपीएल डेब्यू किया, लेकिन वो उस सीजन में छाप छोड़ने में नाकाम रहे। आईपीएल डेब्यू के बाद शिवम को टीम इंडिया के लिए खेलने का भी मौका मिला, लेकिन वो वहां भी कुछ खास नहीं कर पाए थे। 2021 की मेगा ऑक्शन से पहले आरसीबी ने शिवम दुबे को रिलीज कर दिया।

राजस्थान रॉयल्स से रिलीज होने के बाद खरीदा था CSK ने

इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने दुबे को 4.4 करोड़ रुपए में खरीदा था। राजस्थान रॉयल्स के लिए दुबे ने जरूर कुछ खास पारियां खेली थीं, लेकिन राजस्थान फ्रेंचाइजी ने दुबे को अपने साथ बरकरार नहीं रखा। आखिरकार शिवम दुबे को सीएसके ने 2022 ऑक्शन में अपने साथ जोड़ा। धोनी के नेतृत्व वाली सीएसके के लिए शिवम दुबे का बल्ला हर सीजन में बोल रहा है। सीएसके के लिए शिवम ने कई मैच जिताई पारियां खेली हैं, जिसमें आरसीबी के खिलाफ खेली गई उनकी 95 रन की नाबाद पारी बहुत खास है।

शिवम दुबे की ही तरह 5 और खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें आरसीबी ने रिलीज कर दिया, लेकिन दूसरी टीमों में जाकर उन खिलाड़ियों का प्रदर्शन लाजवाब हो गया और वो खिलाड़ी उस टीम के मैच विनर बन गए। आइए एक नजर उन खिलाड़ियों पर भी डालते हैं।

केएल राहुल

  • लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल आरसीबी के साथ लंबे समय तक खेले हैं। 2013 में आरसीबी के साथ अपना आईपीएल करियर शुरू करने के बाद केएल राहुल 2016 में फिर से आरसीबी में आए थे। 2017 में कंधे की चोट के कारण केएल राहुल टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके बाद 2018 के सीजन में राहुल पंजाब किंग्स की टीम में चले गए। आरसीबी ने उन्हें अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं किया था। पंजाब ने उन्हें 11 करोड़ रुपए में खरीदा था।
  • केएल राहुल ने पंजाब के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजाब के लिए खेलते हुए उन्होंने 14 मैचों में 158.41 की स्ट्राइक रेट से छह अर्द्धशतक के साथ 659 रन बनाए। 2020 के सीजन में उन्होंने पंजाब की ओर से ही खेलते हुए ऑरेंज कैप भी जीती थी, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स की नई फ्रेंचाइजी आने के बाद राहुल को लखनऊ ने खरीद लिया।

मोईन अली

इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने 2018 में आरसीबी के लिए खेलते हुए अपना आईपीएल डेब्यू किया था। आरसीबी ने मोईन अली को 1.7 करोड़ रुपए में खरीदा था। 2018 का सीजन मोईन अली के लिए कुछ खास नहीं गया। उन्होंने पूरे सीजन में 77 रन बनाए थे और सिर्फ 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन 2019 में उन्होंने धमाका कर दिया। 165.41 की स्ट्राइक रेट से 11 मैचों में दो अर्धशतक के साथ 220 रन बनाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 2020 में अपना तीसरा सीजन खेला, लेकिन तीन मैचों में केवल 12 रन और एक विकेट हासिल करने में बेअसर रहे।

2020 में उनके प्रदर्शन को देखते हुए आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया और फिर फरवरी 2021 में मिनी ऑक्शन के दौरान मोईन अली 7 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए। 2021 में मोईन अली ने 15 मैचों में 137.30 की स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए। पिछले साल मोईन अली के लिए कुछ खास नहीं रहा। सीजन के 10 मैचों में उन्होंने 224 रन बनाए और 8 विकेट लिए।

मार्कस स्टोइनिस

इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स से खेल रहे ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने 2019 में ही अपना आईपीएल डेब्यू किया था। पहला सीजन वो आरसीबी के लिए खेले थे। मार्कस स्टोइनिस ने विराट कोहली की कप्तानी में 10 मैच खेले हैं और बेहतरीन फिनिशर का रोल अदा किया। इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने 135.25 की स्ट्राइक रेट से 211 रनों के साथ टूर्नामेंट का अंत किया। हालांकि गेंद के साथ यह खिलाड़ी ज्यादा प्रभावी नहीं रहा और सिर्फ 2 विकेट लिए।

नवंबर 2019 में आरसीबी ने स्टोइनिस को रिलीज कर दिया। 2020 में स्टोइनिस को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीद लिया। दिल्ली के लिए खेलते हुए स्टोइनिस 17 मैचों में 148.52 की स्ट्राइक रेट से 352 रन बनाए और 13 विकेट भी हासिल किए।

उमेश यादव

2018 के मेगा ऑक्शन में उमेश यादव को आरसीबी ने 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। 2018 के सीजन में उमेश यादव 14 मैचों में 7.86 की इकॉनमी से रन देते हुए 20 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि उमेश अपने इस प्रदर्शन को अगले सीजन में बरकरार नहीं रख पाए और 11 मैचों में 9.80 की इकॉनमी से रन देते हुए सिर्फ 8 विकेट लिए। फरवरी 2021 में आरसीबी ने उमेश यादव को रिलीज कर लिया। 2021 में दिल्ली कैपिटल्स ने उमेश यादव को 1 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद 2022 के सीजन में केकेआर ने उमेश यादव को खरीद लिया और पिछले सीजन के 16 मुकाबलों में उमेश यादव ने 12 विकेट लिए।

युजवेंद्र चहल

2014 की मेगा ऑक्शन में युजवेंद्र चहल आरसीबी में शामिल हुए थे। उस साल चहल ने आईपीएल में 14 मैच खेले और 12 विकेट उन्होंने हासिल कर लिए। अगले सीजन में चहल ने आरसीबी के लिए और भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 15 मैचों में 8.86 की इकॉनमी से 23 विकेट हासिल किए। नवंबर 2021 में RCB ने चहल को रिलीज कर दिया। 2022 की मेगा ऑक्शन में चहल को राजस्थान रॉयल्स ने खरीद लिया।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats