आईपीएल 2023 के 49वें मैच में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को इस सीजन में दूसरी बार हरा दिया। वानखेड़े में जब यह दोनों टीमें भिड़ी थीं तो तब भी चेन्नई ने मुंबई को हरा दिया था तो वहीं चेपॉक में भी सीएसके ने मुंबई को 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई ने चेन्नई को जीत के लिए 140 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे माही की सीएसके ने 18वें ओवर में ही 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मैच के बाद लाइमलाइट में रहे धोनी
चेन्नई को इस टूर्नामेंट 2 लगातार हार और एक मैच बारिश में धुल जाने के बाद यह जीत नसीब हुई है। इस जीत के बाद चेन्नई अंक तालिका में 13 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई 10 पॉइंट के साथ छठवें स्थान पर है। मुंबई के खिलाफ मिली इस जीत के बाद सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पूरी तरह लाइमलाइट में नजर आए। मैच खत्म होने के बाद धोनी युवा खिलाड़ियों के साथ और मुंबई फ्रेंचाइजी मालिकों के साथ बात करते नजर आए।
अर्जुन के साथ बातचीत करते दिखे धोनी
आपको बता दें कि मैच खत्म होने के बाद हर किसी की निगाहें धोनी पर टिक गई थीं। धोनी ने मैच के बाद काफी समय स्टेडियम में बिताया। इस दौरान धोनी को अर्जुन तेंदुलकर के साथ भी बातचीत करते हुए देखा गया। अर्जुन को धोनी से ‘गुरुमंत्र’ देते हुए नजर आए। धोनी और अर्जुन की बातचीत में सुरेश रैना भी वहीं मौजूद थे। बता दें कि कल सुरेश रैना ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड देने के लिए ग्राउंड पर पहुंचे थे। धोनी ने अर्जुन के अलावा मुंबई इंडियंस के कई यंग प्लेयर्स के साथ समय बिताया।
नीता अंबानी ने की धोनी से मुलाकात
मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी भी मैच खत्म होने के बाद एमएस धोनी से मिलने पहुंची। नीता अंबानी और उनके बेटे आकाश अंबानी को धोनी के साथ हंसी-मजाक करते हुए देखा गया। यह कोई पहला मौका नहीं है जब ग्राउंड पर नीता अंबानी और धोनी की इस तरह से मुलाकात हुई है। कई बार नीता अंबानी को मैच के बाद धोनी से मिलते हुए देखा जा चुका है। यह दोनों ही शख्सियत एक-दूसरे की बहुत अच्छी दोस्त हैं। पंजाब की मालकिन प्रीति जिंटा भी धोनी की फैन हैं। उन्हें भी इस तरह मैच के बाद माही से मिलते हुए देखा गया है।
मुंबई के खिलाफ धोनी ने लगाया था विनिंग शॉट
आपको बता दें कि मुंबई के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी आखिरी ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए थे। धोनी ने 3 बॉल खेली थीं और 2 रन बनाए थे। माही ने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर विनिंग शॉट लगाया था और 1 रन दौड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।