IPL 2020 Wasim Jaffer on MS Dhoni: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगभग 8 महीनों से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने पिछला मैच जुलाई में वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। वे IPL 2020 से मैदान पर वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को फिलहाल 15 अप्रैल तक टाल दिया गया है। फैंस धोनी को खेलते देखना चाहते हैं। सिर्फ फैंस ही नहीं कई पूर्व क्रिकेटर भी माही को मैदान पर देखना चाहते हैं। इस लिस्ट में नया नाम रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वसीम जाफर का जुड़ गया है।

जाफर ने ट्वीट किया है कि धोनी अगर फिट और फॉर्म में हैं तो उन्हें खेलना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘‘अगर धोनी फिट और फॉर्म में हैं तो हमें उनके आगे नहीं देखना चाहिए। वे विकेट के पीछे टीम के लिए अहम साबित होंगे। इससे केएल राहुल के ऊपर से दबाव कम होगा और भारत अगर बाएं हाथ का बल्लेबाज चाहेगा तो ऋषभ पंत को भी बतौर बल्लेबाज टीम में रखा जा सकता है।’’ जाफर ने इसी महीने की 5 तारीख को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया था।


38 साल के धोनी आईपीएल की तैयारियों के लिए 1 मार्च से 14 मार्च तक चेन्नई में थे। इस दौरान अभ्यास सत्र को देखने के लिए हजारों फैंस स्टेडियम में मौजूद रहते थे। धोनी को इस साल के शुरुआत में BCCI ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था। बोर्ड ने अक्टूबर 2019 से सितंबर 2020 तक के लिए खिलाड़ियों को नया कॉन्ट्रैक्ट दिया था। धोनी की वापसी को लेकर टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने एक बार कहा था कि अगर वे आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो टी20 वर्ल्ड कप में उन्हें टीम में रखा जा सकता है।

जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट खेले हैं। इस दौरान 34.11 की औसत से 1944 रन बनाए थे। उनके नाम 5 शतक और 11 अर्धशतक भी हैं। दूसरी ओर, जाफर से पहले टीम के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने धोनी की वापसी को असंभव बताया था। उन्होंने कहा था कि आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद उनकी वापसी असंभव है। अब वो किसकी जगह टीम में आएंगे क्योंकि छोटे फॉर्मेट में केएल राहुल विकेटकीपर व बल्लेबाज के तौर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, धोनी के अन्य विकल्प के तौर पर ऋषभ पंत मौजूद हैं।