दिल्ली कैपिटल्स और उसके फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर है। टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं। इस कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले तीन मैचों में वो खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के बाद पोस्ट मैच सेरेमनी में कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “पंत कब तक वापसी करेंगे, अभी हमें इसका कोई आइडिया नहीं है। डॉक्टर्स ने उन्हें 1 हफ्ते आराम करने को कहा है। हम आशा करते हैं, वो जल्द मजबूती के साथ वापसी करेंगे।’’

अय्यर ने आगे कहा, ‘‘पंत के बिना टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। कल हमारी टीम ने 10-15 रन कम बनाए। अगर स्कोर 170-175 होता तो नतीजा कुछ और हो सकता था। मार्कस स्टोइनिस का रन आउट भी हमें भारी पड़ा।’’ पंत के स्थान पर कल एलेक्स कैरी को खेलने का मौका मिला था। आखिरी ओवर्स में बल्लबाजी करने आए कैरी कोई कमाल नहीं कर सके। उन्होंने 9 गेंद पर 14 रन बनाए और एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके। आईपीएल 2020 में पंत ने 6 मैचों में 176 रन बनाए हैं। मध्यक्रम में वो तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं। ऐसे में उनके बिना टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

शुक्रवार (9 अक्टूबर) को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विकेटकीपिंग करते समय वे चोटिल हो गए थे। डॉक्टर्स ने पंत को कम से कम 1 हफ्ते आराम करने की सलाह दी है। रविवार(11 अक्टूबर) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली की टीम पंत की गैर मौजूदगी में खेलने उतरी थी। मुंबई की टीम ने दिल्ली को 5 विकेट से ये मैच हरा दिया। पहले बल्लबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने 166 रन का स्कोर खड़ा किया था। डीकॉक और सूर्यकुमार यादव के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत मुंबई ने यह मैच अपने नाम कर लिया।

इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को ऋषभ पंत की कमी साफ खलती हुई दिखाई दी। मध्य क्रम का कोई भी बल्लेबाज अंत में तेजी से रन बनाने में नाकामयाब रहा। इसके कारण दिल्ली बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। इस हार के साथ ही दिल्ली की टीम अंकतालिका में पहले स्थान से हटकर दूसरे स्थान पर आ गई। लगातार चार मुकाबले जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर काबिज हो गई है। दिल्ली और मुंबई दोनों ने 7 में से पांच मैच जीते हैं। दोनों के अबतक 10 अंक हैं। बेहतर रन रेट के कारण मुंबई की टीम ने पहला स्थान हासिल कर लिया है।