इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का फाइनल मुकाबला मंगलवार (10 नवंबर) को दुबई में मुंबई इंडियंस और दिल्ली के कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा कई सारे रिकॉर्ड बनाने उतरेंगे। रोहित अगर फाइनल मुकाबला जीत लेते हैं, तो ये उनका पांचवां खिताब होगा। अपनी कप्तानी में वो मुंबई को चार बार चैंपियन बना चुके हैं। सबसे ज्यादा बार टाइटल जीतने वाले कप्तान रोहित ही हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी (3) हैं।

रोहित बतौर पांच बार आईपीएल जीत चुके हैं। चार बार मुंबई और एक बार डेक्कन चार्जर्स (2009) के लिए जीते हैं। रोहित दिल्ली के खिलाफ फाइनल में उतरते ही एक और उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे। वे 200 आईपीएल मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में उनसे आगे धोनी हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ने अब तक 204 मैच खेले हैं। रोहित मुंबई के लिए 4000 रन बनाने से केवल आठ रन दूर हैं। वे इस मैच में यह रिकॉर्ड भी बना सकते हैं।

रोहित बतौर कप्तान एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। वे बतौर कप्तान 3000 रन बनाने से केवल 43 रन दूर हैं। उनसे पहले विराट कोहली,महेंद्र सिंह धोनी और गौतम गंभीर ऐसा कर चुके हैं। रोहित के अलावा उनके साथ कीरोन पोलार्ड भी आज आईपीएल में छक्कों का दोहरा शतक पूरा कर सकते हैं। पोलार्ड के नाम टूर्नामेंट में अब तक 163 मैच में 198 छक्के लगा चुके हैं। वे 200 छक्के लगाने वाले छठे बल्लेबाज बन सकते हैं।

पोलार्ड से पहले क्रिस गेल (349), एबी डिविलियर्स (235), धोनी (215), रोहित (209) और कोहली (201) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। दूसरी ओर, दिल्ली की बात करें तो शिखर धवन के निशाने पर भी एक रिकॉर्ड होगा। वे आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। इसके लिए धवन को 36 रन चाहिए। वहीं, श्रेयस अय्यर इस सीजन में 500 रन बनाने से 46 रन दूर हैं।