India vs New Zealand (Ind vs NZ) 4th T20 : भारत ने शुक्रवार यानी 31 जनवरी 2020 को हारी बाजी जीत ली और न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। पांच मैचों की सीरीज का चौथा टी20 का नतीजा भी सुपर ओवर में निकला। क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी टीम ने लगातार दो मैच सुपर ओवर में जीते हैं। टीम इंडिया इस जीत के साथ सीरीज में 4-0 से आगे हो गई है। इस बार जीत के हीरो शार्दूल ठाकुर और केएल राहुल बने। शार्दूल मैन ऑफ द मैच भी चुने गए।

इस मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी टिम साउदी ने की। उन्होंने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भी 20 ओवर में 7 विकेट पर 165 रन ही बना पाई। उसके आखिरी 4 विकेट आखिरी ओवर में गिरे। दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के कारण मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।

India vs New Zealand 4th T20 Live Score Streaming : यहां जानिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

सुपर ओवर में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की। उनकी 6 गेंदों पर न्यूजीलैंड ने 13 रन बनाए। इस दौरान सीफर्ट रन आउट भी हो गए। भारत को जीत के लिए अगली 6 गेंदों पर 14 रन बनाने थे। उसकी ओर से विराट कोहली और केएल राहुल ने क्रीज संभाली। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने सुपर ओवर फेंकने का बीड़ा उठाया।

राहुल ने साउदी की पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद भी उन्होंने सीमा रेखा के पार पहुंचा दी। हालांकि, तीसरी गेंद पर कैच आउट हो गए, लेकिन साइड चेंज हो गई थी, इसलिए विराट कोहली ने चौथी गेंद खेली। दूसरी ओर संजू सैमसन थे। विराट ने चौथी गेंद पर 2 रन लिए। पांचवीं गेंद को उन्होंने सीमा रेखा के पार भेजकर टीम की झोली में जीत डाल दी।

India vs New Zealand 4th T20 Live Score Streaming: Watch Here

बता दें कि पिछले चार साल यानी 31 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2020 तक के टी20 के रिकॉर्ड को देखें तो टॉप-10 रैंकिंग वाली टीमों में टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा 29 मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड ने घर में सबसे ज्यादा 12 मैच गंवाए हैं। इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है।

Live Blog

16:43 (IST)31 Jan 2020
राहुल-विराट ने दिलाई जीत

पहली गेंद : केएल राहुल ने मारा छक्का।

दूसरी गेंद : दूसरी गेंद पर चौका जड़ा।

तीसरी गेंद : कैच आउट। संजू सैमसन क्रीज पर आए।

चौथी गेंद : विराट ने दो रन लिए। 

पांचवीं गेंद: विराट ने चौका मारा।

भारत ने एक गेंद पहले ही मैच जीत लिया।

16:35 (IST)31 Jan 2020
राहुल-विराट को दिखाना होगा दम

भारत की ओर से विराट कोहली और केएल राहुल सुपर ओवर खेलने के लिए आए। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी गेंदबाजी करेंगे। पिछले मैच में भी साउदी ने ही सुपर फेंका था।

16:29 (IST)31 Jan 2020
भारत जीत से 14 रन दूर

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सुपर ओवर फेंका। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट और कॉलिन मुनरो ने बल्ला संभाला। 

पहली गेंद : 2 रन।

दूसरी गेंद : 4 रन।

तीसरी गेंद : 2 रन, कैच छूटा।

चौथी गेंद : सीफर्ट आउट। वॉशिंगटन सुंदर ने कैच पकड़ा।

पांचवीं गेंद: 4 रन।

छठी गेंद : कोई रन नहीं। 

कुल 13 रन बने। भारत को जीत के लिए 14 रन चाहिए।

16:22 (IST)31 Jan 2020
पलटी बाजी

भारत ने हारी हुई बाजी पलट दी। न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन बनाने थे। लेकिन वह 6 रन ही बना पाए और चार विकेट भी गंवाए। इस तरह मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।

15:46 (IST)31 Jan 2020
चहल चूके

चहल अपने आखिरी ओवर में भारत को एक और सफलता दिलाने से चूक गए। उनकी दूसरी गेंद पर सीफर्ट ने छक्का जड़ दिया। अगली गेंद पर रिवर्स स्वीप करके गेंद को सीमा रेखा के पार भेजने की कोशिश की, लेकिन चूक गए। हालांकि, ॉवे खुशकिस्मत रहे कि शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े जसप्रीत बुमराह से उनका कैच छूट गया।

15:33 (IST)31 Jan 2020
चहल ने किया शिकार

मुनरो के पवेलियन लौटने के बाद टॉम ब्रूस क्रीज पर आए। वे  इस मैच में केन विलियम्सन की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए थे. लेकिन वे खाता भी नहीं खोल पाए। युजवेंद्र चहल ने उन्हें बोल्ड कर अपना शिकार बनाया।

15:29 (IST)31 Jan 2020
मुनरो आउट

शिवम दुबे ने पारी का 12वां ओवर फेंका। चौथी गेंद कॉलिन मुनरो को फेंकी। मुनरो ने इसे स्वीपर कवर की खेला, लेकिन वहां मुस्तैद खड़े विराट कोहली ने इसे तेजी से फील्ड किया और विकेट की ओर थ्रो किया। उनका थ्रो सीधा स्टम्प पर लगा और खतरनाक बनते जा रहे मुनरो को पवेलियन लौटना पड़ा।

15:19 (IST)31 Jan 2020
न्यूजीलैंड की धमाकेदार बल्लेबाजी

चहल के ओवर में टिम सेफर्ट ने जोरदार छक्का लगाकर स्कोर को 68 तक पहुंचाया। 9 ओवर में न्यूजीलैंड ने 68 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड के लिए इस मैच में मुनरो ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

15:10 (IST)31 Jan 2020
फॉर्म में मुनरो

पावर प्ले के दौरान न्यूजीलैंड ने एक विकेट खोकर 39 रन बना लिए हैं। मुंनरो 25 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरी छोर पर टिम सेफर्ट पारी को आगे बढ़ा रहे हैं।

15:00 (IST)31 Jan 2020
4 रन बनाकर गप्टिल आउट

न्यूजीलैंड की धीमी शुरुआत। पहले 5 ओवर में टीम एक विकेट खोकर सिर्फ 23 रन बना सकी। मार्टिन गप्टिल को बुमराह ने 4 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। 

14:47 (IST)31 Jan 2020
गेंदबाजों से उम्मीद

सीरीज जीतने के बाद आज किए गए बदलाव से भारतीय बल्लेबाजी कमजोर नजर आई है। ऐसे में जीत दर्ज करनेे के लिए गेंदबाजों का उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

14:40 (IST)31 Jan 2020
अच्छी गेंदबाजी

कॉलिन मुनरोे ने नवदीप सैनी की गेंद पर पारी का पहला चौका लगाया। पहली 10 गेंदों से 78 रन आए हैं। भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दे रहे हैं।  

14:28 (IST)31 Jan 2020
पहले ओवर से 4 रन

कॉलिन मुनरो और मार्टिन गप्टिल न्यूजीलैंड के लिए पारी का आगाज कर रहे हैं। शार्दुल ठाकुर के पहले ओवर से कुल 4 रन आए।  

14:24 (IST)31 Jan 2020
भारत की वापसी

शुरुआती विकेट गिरने के बाद लो-ऑर्डर में आकर मनीष पांडे ने भारत को संभालने का काम किया। पांडे ने भारत को 165 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।

14:12 (IST)31 Jan 2020
पांडे ने जड़ा अर्धशतक

कुग्लाइन पारी का आखिरी ओवर लेकर आए। पहली गेंद पर मनीष पांडे ने चौका लगाया। दूसरी गेंद पर सिंगल। अगली दो गेंदों से तीन रन आए। मनीष पांडे ने अपना अर्धसतक भी पूरा किया।

14:01 (IST)31 Jan 2020
भारत को 8वां झटका

युजवेंद्र चहल के रूप में भारत का 8वां झटका लगा। वे टिम साउदी की गेंद पर विकेट के पीछे सीफर्ट के हाथों कैच आउट हुए। चहल ने 2 गेंद पर एक रन बनाए। चहल की जगह नवदीप सैनी बल्लेबाजी के लिए उतरे।

13:55 (IST)31 Jan 2020
भारत को सातवां झटका

पिछला मुकाबला रोमांचक होने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि ये मैच भी अच्छा गुजरेगा। शार्दुल ठाकुर भी हवा में शॉट खेलकर आउट हो गए। भारत को सातवां झटका लगा।

13:41 (IST)31 Jan 2020
मनीष से बड़ी पारी की उम्मीद

अभी सात ओवर का खेल  बचा है और भारत ने अपने 6 विकेट गंवा दिए हैं। भारत की ओर से एक मात्र बल्लेबाज मनीष पांडे ही क्रीज पर मौजूद है। मनीष को यहां बड़ी पारी खेलनी होगी। 

13:30 (IST)31 Jan 2020
भारत की आधी टीम लौटी पवेलियन

विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। केएल राहुल के बाद शिवम दुबे भी हवा में शॉट मार बैठे। हवा में देर तक गेंद रहने के बाद टॉम ने शानदार तरीके से दुबे का कैच ले लिया।

13:23 (IST)31 Jan 2020
राहुल लपके गए

केएल राहुल बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे ईश सोढ़ी की गेंद पर मिशेल सैंटनर के हाथों डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्केे की मदद से 26 गेंद पर 39 रन बनाए।

13:11 (IST)31 Jan 2020
ऐसे हुए आउट

अय्यर इस मैच में कप्तान के भरोसे पर खरे नहीं उतर पाए। वे सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। वे ईश सोढ़ी की गेंद को आगे निकलकर मारना चाहते थे, लेकिन टिम सीफर्ट ने उन्हें स्टम्प कर दिया। उनकी जगह शिवम दुबे ने क्रीज संभाली।

13:04 (IST)31 Jan 2020
अय्यर पर भरोसा

विराट कोहली के आउट होन पर श्रेयस अय्यर मैदान पर आए। अय्यर इस सीरीज के टॉप स्कोरर्स की लिस्ट में अभी तीसरे नंबर पर हैं। उनसे कप्तान विराट कोहली को फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

13:00 (IST)31 Jan 2020
दो चौके मारने के बाद आउट

विराट कोहली 9 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने आउट होने से पहले दोनों गेंदों पर चौके लगाए। तीसरी गेंद पर उनके बल्ले पर अच्छे से नहीं आई और कवर में खड़े मिशेल सैंटनर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की।

12:51 (IST)31 Jan 2020
राहुल चार हजारी

केएल राहुल ने स्कॉट कुगलेइजन के ओवर की पांचवीं गेद पर छक्का जड़कर टी20 क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे किए। यहां यह भी खास है कि टी20 क्रिकेट में 2000 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों के औसत के मामले में वे दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 42.10*  और 140+ के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। पहले नंबर पर पाकिस्तान के बाबर आजम हैं। उनका औसत 42.60 का  है।

12:40 (IST)31 Jan 2020
संजू आउट

भारत को  दूसरे ओवर में ही पहला झटका लग गया। ओपनर संजू सैमसन स्कॉट कुगलेइजन की गेंद पर मिशेल सैंटनर को अपना कैच थमा बैठे। उन्होंने दो गेंद पहले ही कुगलेइजन की गेंद पर छक्का जड़ा था।

12:35 (IST)31 Jan 2020
पहले ओवर से 7 रन

भारत की ओर से संजू सैमसन और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड के लिए इस मैच में उसकी कमान संभाल रहे टिम साउदी पहला ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद वाइड रही। इस ओवर में केएल राहुल ने 4 और संजू ने 2 रन बनाए।

12:16 (IST)31 Jan 2020
न्यूजीलैंड ने बदला कप्तान

न्यूजीलैंड : टिम साउदी (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, कॉलिन मुनरो, टॉम ब्रूस, रॉस टेलर, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), मिशेल सैंटनर, स्कॉट कुगलेइजन, ईश सोढ़ी, हैमिश बेनेट, डेरेल मिशेल।

12:09 (IST)31 Jan 2020
भारत ने किए तीन बदलाव

भारत : विराट कोहली (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी।