भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। शनिवार (13 फरवरी) को मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले एक अजीबोगरीब घटना मैदान पर घटी। कुछ अंग्रेज खिलाड़ी लगातार ऋषभ पंत पर कमेंट कर रहे थे। इससे पंत को गुस्सा आ गया और वे अकेले ही अंग्रेज खिलाड़ियों से भिड़ गए। मामला बढ़ता देख अंपायर ने बीच-बचाव किया।
मामले की शुरुआत तब हुई जब पंत जो रूट की ओवर का सामना कर रहे थे। भारतीय विकेटकीपर को लग रहा था कि यह दिन का आखिरी ओवर है। इंग्लिश कप्तान ने चालाकी से आखिरी मिनट के खत्म होने से पहले अपना ओवर पूरा कर लिया और आखिरी ओवर ओली स्टोन से कराया। इस दौरान इंग्लैंड के विकेटकीपर जेम्स फॉक्स विकेट के पीछे से लगातार कमेंट कर रहे थे। इससे नाराज होकर पंत बल्लेबाजी करना छोड़ विकेट के बीच में खड़े हो गए और फॉक्स की ओर देखने लगे। यहां तक अंपायर को उन्हें बल्लेबाजी करने के लिए कहना पड़ा।
Rishabh Pant vs Stokes fight today pic.twitter.com/P8a0mbO5d1
— middle stump (@middlestump4) February 13, 2021
“Jab tak ye khel khatam Nahi hota apun idharich hai!” #INDvsENG pic.twitter.com/OqIudUdlGR
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) February 13, 2021
इतने में रूट वहां से गुजरते हुए कुछ बोलने लगे तो पंत और ज्यादा भड़क गए। फिर बेन स्टोक्स उनसे बात करने के लिए पहुंचे। दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने पंत की एक तस्वीर शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘‘जब तक ये खेल खत्म नहीं हो जाता अपुन इधरइच है।’’ पंत दिन का खेल खत्म होने तक 33 रन बनाकर नाबाद थे। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
भारत ने स्टंप के समय 6 विकेट पर 300 रन बना लिए हैं। मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया को पंत से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पहले दिन रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे की बदौलत टीम इंडिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई। दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल समय में चौथे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी की। रोहित शर्मा 161 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 231 गेंद की पारी में 18 चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, अजिंक्य रहाणे ने 67 रन बनाए।