भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला ब्रिस्बेन में खेला जा रहा है। टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 328 रन का लक्ष्य दिया है। भारत ने उसे दूसरी 294 रनों पर समेट दिया। पहली पारी में कंगारू टीम को 33 रनों की बढ़त हासिल थी। दूसरी पारी में भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने धारधार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। यह उनका टेस्ट मैच की एक पारी में पहला 5 विकेट हॉल है।
सिराज ने दूसरी पारी में मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को आउट किया। उन्होंने पहली पारी में भी एक विकेट अपने नाम किया था। सिराज पिछले 50 साल में ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू करने वाले विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने सीरीज में 3 मैच में 13 विकेट लिए हैं। ओवरऑल वे तीसरे नंबर हैं। सबसे ज्यादा विकेट दक्षिण अफ्रीका के जोए पार्टरिज ने 1963-64 में लिए थे। उन्होंने 5 मैच में 25 विकेट चटकाए थे।
A standing ovation as Mohammed Siraj picks up his maiden 5-wicket haul.#AUSvIND #TeamIndia pic.twitter.com/e0IaVJ3uA8
— BCCI (@BCCI) January 18, 2021
दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के बेन स्टोक्स हैं। उन्होंने 2013-14 में 4 मैच में 15 विकेट लिए थे। सिराज 3 मैच में 13 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के पीटर लेवर ने 1970-71 में 5 मैच मुकाबलों में 13 विकेट लिए थे। इस मामले में पांचवें स्थान पर वेस्टइंडीज के कर्टने वॉल्श हैं। वॉल्श ने 1984-85 में 5 मैच में 13 विकेट लिए थे। पांचों गेंदबाज में सिराज का औसत सबसे बेहतर है। सिराज का औसत 29.5 रहा है। उनके बाद स्टोक्स का नंबर है। उनका औसत 32.8 रहा था।
सिराज जब पांच विकेट लेकर पवेलियन लौट रहे थे तो टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। सिराज ने पिछले महीने अपने पिता को खोया था। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। भारत अगर 328 रन के लक्ष्य को हासिल कर लेता है तो नया रिकॉर्ड बना देगा। गाबा में अब तक 250 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सका है। इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने नवंबर 1951 में सबसे बड़ा 236 रन का लक्ष्य हासिल किया था। तब उसने मेहमान टीम वेस्टइंडीच को 3 विकेट से हराया था।