न्यूजीलैंड ने भारत को 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में रविवार (20 अक्टूबर) को हरा दिया। कीवी टीम 36 साल बाद भारत में टेस्ट मैच जीती। महाराष्ट्र के बाहर उसने पहली बार जीत दर्ज की। भारत में यह उसकी तीसरी टेस्ट जीत है। इस हार के साथ रोहित शर्मा की टाइगर पटौदी और दिलीप वेंगसरकर के क्लब में एंट्री हो गई है। भारत में टॉम लैथम टेस्ट मैच जीतने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान बन गए।
बारिश से प्रभावित बेंगलुरु टेस्ट में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 46 रन पर आउट हो गई। घरेलू सरजमीं पर यह उसका सबसे कम स्कोर था। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 402 रन बनाए। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की। उसने 462 रन बनाए। लेकिन पहली पारी में इतन कम स्कोर पर आउट होने का खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। न्यूजीलैंड को केवल 107 रन का टारगेट मिला।
रोहित शर्मा की टाइगर पटौदी और दिलीप वेंगसरकर के क्लब में एंट्री
भारत घरेलू सरजमीं पर पहली बार टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड से 1969 में हारा था। तब मंसूर अली खान पटौदी कप्तान थे। 167 रन से भारत को हरा मिली थी। इसके बाद 1988 में दिलीप वेंगसरकर की कप्तानी में भारत हारा था। उस मैच में 136 रन से भारत को हार मिली थी। अब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत विकेट से मैच हारा है।
IND vs NZ: 99 के फेर में फंसे ऋषभ पंत, 62 पारी में इतनी बार हो चुके हैं नर्वस 90 का शिकार
महाराष्ट्र के बाहर पहली बार टेस्ट जीता न्यूजीलैंड
भारत में न्यूजीलैंड पहली बार महाराष्ट्र के बाहर टेस्ट मैच जीता है। 1969 में उसने नागपुर में पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी। 1988 में उसने वानखेडे़ में टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी। दिलचस्प बात यह है भारत-न्यूजीलैंड के बीच वर्तमान टेस्ट सीरीज के अगले दो मैच महाराष्ट्र में ही खेले जाएंगे। दूसरा टेस्ट पुणे और तीसरा टेस्ट वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत में टेस्ट जीतने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान बने टॉम लैथम
न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान बनने के बाद पहले ही मैच में टॉम लैथम ने कमाल कर दिया। वह भारत में टेस्ट जीतने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान बन गए हैं। 1969 में ग्राहम डाउलिंग की कप्तानी में न्यूजीलैंड जीता था। वह भारत में टेस्ट जीतने वाले पहले कीवी कप्तान भी हैं। 1988 में जॉन राइट की कप्तानी में न्यूजीलैंड टेस्ट जीता था। जॉन राइट की गिनती भारत के सबसे सफल कोच में होती है।