रविचंद्रन अश्विन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। अश्विन के अब टेस्ट क्रिकेट में 418 विकेट हो गए हैं। उन्होंने हरभजन सिंह को पीछे छोड़ा। हरभजन सिंह ने 103 टेस्ट मैच में 32.46 के औसत और 2.84 की इकॉनमी से 417 विकेट लिए हैं। हालांकि, अश्विन ने यह उपलब्धि अपने 80वें टेस्ट में ही हासिल कर ली है। अश्विन ने अब तक 24.53 के औसत और 2.79 की इकॉनमी से 418 विकेट लिए हैं।
इस सूची में पहले नंबर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले हैं। कुंबले ने 132 टेस्ट मैच में 29.65 के औसत और 2.69 की इकॉनमी से 619 विकेट लिए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर कपिल देव हैं। भारत को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान कपिल देव ने अपने करियर में 131 टेस्ट मैच में 29.64 के औसत और 2.78 की इकॉनमी से 434 विकेट लिए थे।
अश्विन ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी के 45 साल पुराने रिकॉर्ड की भी बराबरी की। अश्विन न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय क्रिकेटर्स में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके साथ बिशन सिंह बेदी हैं। बिशन सिंह बेदी ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 टेस्ट में 19.14 के औसत और 1.68 के इकॉनमी से 57 विकेट लिए थे।
अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 टेस्ट मैच में अब तक 17.01 के औसत और 2.75 की इकॉनमी से 57 विकेट ले लिए हैं। बिशन सिंह बेदी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच में 26 नवंबर 1976 को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला था। उस टेस्ट में उन्होंने 9 विकेट लिए थे।
अश्विन न्यूजीलैंड के ओपनर टॉम लाथम को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार आउट करने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड ने लाथम को अब तक 8 बार अपना शिकार बनाया है। वहीं, अश्विन और मिशेल स्टार्क 7-7 बार ऐसा कर चुके हैं। यह भी एक संयोग है कि अश्विन और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन दोनों की यह 150वीं टेस्ट पारी है।