India vs England, Women’s T20 World Cup 2023: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के 14वें मैच में भारत का विजय अभियान थम गया। इंग्लैंड ने उसे 11 रन से हराया। इंग्लैंड की टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ यह लगातार छठी जीत है। वह टी20 विश्व कप में भारत से कभी नहीं हारा। इंग्लैंड की जीत से भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के अर्धशतक और ऋचा घोष की तूफानी पारी पर पानी फिर गया।

गेकबेर्हा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए मैच में हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 151 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 140 रन ही बना पाई। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 31 रन चाहिए थे। ऋचा घोष क्रीज पर थीं।

ऋचा घोष ने आखिरी ओवर में 17 रन बनाए। उनके 17 रन की मदद से भारत ने आखिरी ओवर में 19 रन तो बनाए, लेकिन जीत से 11 रन दूर रह गई। ऋचा घोष 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके साथ ही इस विश्व कप में आउट नहीं होने का रिकॉर्ड बरकरार रहा। उन्होंने अपनी 34 गेंद की पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। स्मृति मंधाना भारत की हाइएस्ट स्कोरर रहीं। उन्होंने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 41 गेंद में 52 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी भारतीय बैटर टिककर नहीं खेल पाई।

इससे पहले भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर ने 4 ओवर में 15 रन देकर 5 विकेट लिए। इंग्लैंड की ओर से नताली सीवर ब्रंट ने 50, एमी जोंस ने 40, कप्तान हीथर नाइट ने 28 रन बनाए। इस मैच में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया।

देविका वैद्य की जगह शिखा पांडे की एंट्री हुई। इंग्लैंड की टीम ने अपनी आखिरी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया। भारतीय टीम का यह इस टूर्नामेंट में तीसरा मैच था। उसने पहले दो मुकाबलों में जीत हासिल की थी।

Live Updates

India Women vs England Women: हर ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली 2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

21:57 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: स्मृति मंधाना और ऋचा घोष की तूफानी पारियों पर फिरा पानी

ऋचा घोष के एक छक्के और 2 चौकों की मदद से भारत ने आखिरी ओवर में 19 रन बनाए, लेकिन जीत से 11 रन दूर रह गया। इसके साथ ही टी20 विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अपनी बादशाहत बरकरार रखी। उसने अपने रिकॉर्ड को और बेहतर करते हुए 6-0 कर लिया है। भारत की ओर से स्मृति और ऋचा को छोड़कर कोई अच्छी बैटिंग नहीं कर पाया। इस हार के कारण भार का ग्रुप में शीर्ष पर रहने के सपने को झटका लगा। स्मृति के आउट होने के बाद ऋचा को उतनी स्ट्राइक नहीं मिली, जिसकी उन्हें जरूरत थी। ऋचा घोष ने इस बार भी जबरदस्त बल्लेबाजी की। वह 34 गेंद में 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। वैसे दीप्ति शर्मा से पहले पूजा वस्त्राकर को भेजा जाता तो शायद नतीजा कुछ और हो सकता था। भारत की ओर से स्मृति मंधाना को छोड़कर उसकी अगली तीन बैटर्स ने 33 गेंद में सिर्फ 25 रन बनाए शायद इसलिए भारत यह मैच हार गया।

21:35 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारत को एक ओवर में चाहिए 31 रन

19वें ओवर से भारत के खाते में सिर्फ 3 रन आए। भारत को जीत के लिए अब एक ओवर में 31 रन बनाने हैं। भारत का स्कोर 19 ओवर में 5 विकेट पर 121 रन है। ऋचा घोष के 28 गेंद में 30 रन हैं।

21:33 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: दीप्ति शर्मा 7 रन पर आउट

भारत को 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर पांचवां झटका लगा। दीप्ति शर्मा 7 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गईं। भारत को अब 10 गेंद में 33 रन बनाने हैं। पूजा वस्त्राकर बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।

21:29 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: क्या ऋचा घोष भारत दिला पाएंगी जीत

लॉरा बेल 18वां ओवर लेकर आईं। ऋचा घोष ने उनकी चौथी गेंद पर छक्का लगाया। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 118 रन है। ऋचा घोष के 27 गेंद में 29 रन हैं। भारत को जीत के लिए अब दो ओवर में 34 रन चाहिए। ऋचा घोष के रहते यह संभव हो सकता है।

21:23 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौटीं स्मृति मंधाना

स्मृति मंधाना 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना 21वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने छक्का लगाकर 40वीं गेंद पर अपना पचासा ठोका। हालांकि, अगली ही गेंद पर छक्का लगाने के चक्कर में सारा ग्लेन का शिकार हो गईं। सारा ग्लेन की गेंद पर नताली सीवर ब्रंट ने उनका कैच लपका। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 105 रन है। मंधाना की जगह दीप्ति बैटिंग के लिए आईं हैं।

21:15 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारत ने 14 ओवर में बनाए 87 रन, गंवाए 3 विकेट

14 ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 3 विकेट पर 87 रन है। 14वें ओवर से भारत के खाते में सिर्फ 3 रन आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर ऋचा घोष रन आउट होने से भी बचीं। भारत के लिए Required रन रेट बढ़कर करीब 11 रन का हो गया है। स्मृति मंधाना के 36 गेंद में 43 रन हैं।

21:07 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारत को जीत के लिए चाहिए 8 ओवर में 77

भारत के लिए लक्ष्य मुश्किल होता जा रहा है। 12 ओवर का खेल हो चुका है और उसके खाते में सिर्फ 74 रन ही जुड़े हैं और उसकी तीन खिलाड़ी पवेलियन लौट चुकी हैं। भारत को अब 48 गेंद में 77 रन बनाने हैं। उसे 9.62 के रनरेट से रन बनाने की जरूरत है। ऋचा घोष के 7 गेंद में 10 और स्मृति मंधाना के 32 गेंद में 34 रन हैं।

20:33 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारत का लगा पहला झटका

शेफाली वर्मा चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर बेल की गेंद पर कैथरीन सीवर को अपना कैच थमा बैठीं। शेफाली 11 गेंद में सिर्फ 8 रन ही बना पाईं। शेफाली की जगह जेमिमा रोड्रिग्स बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 29 रन है। भारत को जीत के लिए अभी 123 रन बनाने हैं।

20:24 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारत ने 2 ओवर में बनाए 11 रन

भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने पारी की शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया की कैथरीन सीवर पहला ओवर लेकर आईं। मंधाना ने उनकी पहली ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम इंडिया का खाता खोला। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 11 रन है। हालांकि, इस रफ्तार से भारत का काम नहीं चलने वाला। भारत को रनों की रफ्तार अपनी बढ़ानी होगी।

20:11 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: इंग्लैंड ने भारत को दिया 152 रन का लक्ष्य

इंग्लैंड ने भारत को 152 रन का लक्ष्य दिया है। भारत की रेणुका सिंह ठाकुर की स्विंग होती गेंदों के आगे इंग्लैंड की बैटर बहुत परेशान हुईं। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला। यही वजह रही है कि सीवर ब्रंट अर्धशतक बनाने में सफल रहीं। एमी जोंस ने भी 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इस कारण इंग्लैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच गया। पिच पेसर्स के लिए मददगार दिख रही है। देखते हैं कि भारतीय टीम इस स्कोर का पीछा कैसे करती है।

19:50 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: दीप्ति ने भारत को दिलाई पांचवीं सफलता, पचासा ठोक पवेलियन लौटीं नताली सीवर

इंग्लैंड का 17 ओवर में स्कोर 5 विकेट पर 120 रन है। दीप्ति शर्मा ने ओवर की पांचवीं गेंद पर नताली सीवर का विकेट झटका। नताली सीवर 42 गेंद में 50 रन बनाकरआउट हुईं। सीवर को दीप्ति शर्मा की गेंद पर स्मृति मंधाना ने लपका। हालांकि, आउट होने से पहले नताली सीवर ने अपना 11वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया। सीवर की जगह सोफी बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। दूसरी ओर एमी जोंस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रही हैं। वह अब तक 18 गेंद में 26 रन बना चुकी हैं।

19:28 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: शिखा पांडे ने खत्म किया विकेट का सूखा

शिखा पांडे ने हीथर नाइट और सीवर ब्रंट की पार्टनरशिप तोड़ी। शिखा ने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर हीथर नाइट को शैफाली वर्मा के हाथों कैच कराया। हीथर 23 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुईं। आउट होने से पहले हीथर ने सीवर ब्रंट के साथ 51 रन की साझेदारी की। 11 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट पर 80 रन है। सीवर- ब्रंट के 25 गेंद में 37 रन हैं। हीथर की जगह एमी जोंस बैटिंग के लिए आईं हैं।

19:13 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: इंग्लैंड ने 8 ओवर में बनाए 3 विकेट पर 49 रन

आठ ओवर का खेल हो चुका है। इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 49 रन है। सीवर- ब्रंट के 16 गेंद में 24 और हीथर नाइट के 14 गेंद में 11 रन हैं। दोनों के बीच 20 गेंद में 20 रन जोड़ चुकी हैं।

18:57 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: रेणुका सिंह का कहर जारी

रेणुका सिंह का इंग्लैंड के खिलाफ कहर जारी है। उन्होंने पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। इस बार उन्होंने सोफिया डंकले का शिकार किया। डंकले 11 गेंद में 10 रन बनाकर बोल्ड हुईं। डंकले की जगह दाएं हाथ की बैटर हीथर नाइट आईं हैं। पांच ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 29 रन है। सीवर-ब्रंट के 10 गेंद में 15 रन हैं।

18:47 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: रेणुका ने झटका दूसरा विकेट

रेणुका ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर फिर इंग्लैंड को एक झटका दिया। रेणुका ने एलिस कैप्सी को बोल्ड किया। रेणुका की यह गेंद 5वें स्टंप पर गिरकर अंदर आती हुई लेंथ बॉल थी। कैप्सी कुछ समझ पातीं इससे पहले विकेट और गेंद की मुलाकात हो गई। कैप्सी 6 गेंद में 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कैप्सी की जगह सीवर-ब्रंट बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। तीन ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 14 रन है।

18:42 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: दो ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 10 रन

दूसरा ओवर शिखा पांडे लेकर आईं। इस ओवर से इंग्लैंड के खाते में 7 रन आए। डंकले ने शिखा की दूसरी ही गेंद पर चौका लगाया। डंकले का स्कोर 6 और कैप्सी का 3 रन है।

18:36 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: इंग्लैंड ने तीसरी गेंद पर ही गंवाया डेनियल वॉट का विकेट

रेणुका ने डेनियल वॉट को गोल्डन डक किया। उन्होंने तीसरी गेंद पर वॉट को विकेट के पीछे ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। ऋचा घोष ने अपने दाईं ओर छलांग लगाते हुए भारत को पहली सफलता दिलाई। डेनियल वॉट की जगह एलिस कैप्सी बैटिंग के लिए आईं हैं। कैप्सी ने पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। पहले ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 3 रन है।

18:32 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: सोफिया डंकले ने खोला इंग्लैंड का खाता

ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफिया डंकले और डेनियल वॉट ने पारी की शुरुआत की। भारत के लिए रेणुका सिंह ठाकुर पहला ओवर लेकर आईं। डंकले ने रेणुका की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना और इंग्लैंड का खाता खोला।

18:09 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: ये है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

सोफिया डंकले, डेनिएल व्याट, एलिस कैप्सी, नेट साइवर ब्रंट, हीथर नाइट (कप्तान), एमी जोंस (विकेटकीपर), कैथरीन साइवर ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन, चार्लोट डीन, सारा ग्लेन, लॉरेन बेल।

18:06 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: ये है भारत की प्लेइंग इलेवन

शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), शिखा पांडे, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका ठाकुर सिंह।

17:27 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है

हीथर नाइट (कप्तान), लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, फ्रेया डेविस, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, कैथरीन साइवर-ब्रंट, नैट साइवर-ब्रंट, लॉरेन विनफील्ड -हिल और डैनी व्याट।

17:27 (IST) 18 Feb 2023
IND vs ENG: भारतीय टीम इस प्रकार है

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, अंजलि सरवानी, पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड़ और शिखा पांडे।

हर ग्रुप से चोटी पर रहने वाली दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को सात विकेट और दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को छह विकेट से पराजित किया था। इन दो जीत से भारत सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफाई करने की मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। भारत की तरफ से पहले दोनों मैचों में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने अच्छा प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भी भारतीय मैनेजमेंट को शीर्ष क्रम की बैटर्स से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारत की अंडर-19 विश्वकप विजेता टीम की कप्तान शेफाली वर्मा अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रही हैं। अंगुली की चोट से उबरने के बाद वापसी करने वाली स्मृति मंधाना अच्छी लय में दिख रही थीं, लेकिन पिछले मैच में वह भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाईं। जेमिमा रोड्रिग्स को अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी, जबकि कप्तान हरमनप्रीत भी अब तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाई हैं। उनका उच्चतम स्कोर 33 रन है।