भारत के खिलाफ पांच मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर फिर चोटिल हो गए हैं। उनकी पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया है। इस कारण उन्हें आगामी इंग्लिश समर सीजन से बाहर कर दिया गया है। पिछले साल कोरोना के कारण भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट नहीं हो पाया था।
वह टेस्ट अब एक से 5 जून 2022 के बीच बर्मिंघम में खेला जाना है। यह खबर इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए चिंता का विषय है। इंग्लैंड की टीम ने हाल ही में अपने कई तेज गेंदबाजों को चोटिल होते देखा है। इनमें एक नाम साकिब महमूद का शामिल था, जो चोट के कारण पिछले समर सीजन से बाहर हो गए थे।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार (19 मई) को एक बयान जारी कर कहा, ‘पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर का पता चलने के बाद, इंग्लैंड और ससेक्स के सीमर जोफ्रा आर्चर को बाकी सीजन के लिए बाहर कर दिया गया है। उनकी वापसी के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। आने वाले दिनों में विशेषज्ञों की राय के बाद एक मैनेजमेंट प्लान (प्रबंधन योजना) तय किया जाएगा।’
जोफ्रा आर्चर की चोट मुंबई इंडियंस के लिए भी खतरे की घंटी है। जोफ्रा आर्चर को अंतरराष्ट्रीय मैच खेले एक साल से ज्यादा का वक्त हो गया है। उन्होंने आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच भारत के खिलाफ मार्च 2021 में खेला था। उसके बाद से वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाए हैं। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में जोफ्रा आर्चर को 8 करोड़ रुपए में खरीदा था।
जोफ्रा के चोट के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए तब भी कई लोगों ने मुंबई इंडियंस के इस फैसले को समझदारी भरा नहीं बताया था। अब चूंकि वह फिर चोटिल हो गए हैं और उनकी वापसी की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है, ऐसे में आशंका है कि मुंबई इंडियंस को अगले सीजन भी कहीं उनके बिना ही मैदान पर उतरना पड़े।
