भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खूब जमकर बल्लेबाजी की और इंदौर में 50 ओवर में 5 विकेट पर 399 रन बनाए। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों की तरफ से खूब चौके व छक्के लगे। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने 31 चौके लगाए जबकि 18 छक्के जड़े। इन 18 छक्कों के दम पर वनडे प्रारूप में टीम इंडिया पहली ऐसी टीम बन गई जिसने 3000 छक्के पूरे कर लिए। इससे पहले वनडे में किसी भी टीम की तरफ से 3000 छक्के नहीं लगे हैं।
सूर्यकुमार यादव ने लगाए सबसे ज्यादा छक्के
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत की तरफ से नाबाद 72 रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी में सबसे ज्यादा 6 छक्के लगाए। इसके बाद शुभमन गिल ने अपनी 104 रन की पारी में 4 छक्के लगाए जबकि श्रेयस अय्यर ने 105 रन की पारी में 3 तो वहीं कप्तान केएल राहुल ने 52 रन की पारी में 3 छक्के लगाए। इशान किशन ने भी तेज पारी खेली और 18 गेंदों पर 31 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 2 छक्के लगाए।
भारत की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर में दूसरे वनडे में 18 छक्के लगे, लेकिन इससे पहले साल 2013 में टीम इंडिया की तरफ से बेंगलुरु में इस टीम के खिलाफ 19 छक्के लगे थे। वहीं भारतीय टीम ने साल 2023 में ही इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 19 छक्के लगाए थे। भारत की तरफ से वनडे में साल 2007 में पोर्ट ऑफ स्पेन में बरमुडा के खिलाफ 18 छक्के लगाए थे जबकि साल 2009 में क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 छक्के लगे थे।
भारत के लिए एक वनडे पारी में सर्वाधिक छक्के
19 छक्के बनाम ऑस्ट्रेलिया, बेंगलुरु, 2013
19 छक्के बनाम न्यूजीलैंड, इंदौर, 2023
18 छक्के बनाम बरमूडा, पोर्ट ऑफ स्पेन, 2007
18 छक्के बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 2009
18 छक्के बनाम ऑस्ट्रेलिया, इंदौर, 2023