दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल के 14वें सीजन में शानदार फॉर्म में है। दो दिग्गज टीमों चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस को हराने के बाद अंक तालिका में 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। उसने पंजाब किंग्स को भी शिकस्त दी थी। दिल्ली की इस सफलता में तेज गेंदबाज आवेश खान का बड़ा योगदान है। उन्होंने अब तक 4 मैच में 8 विकेट लिए हैं। मुंबई के खिलाफ मंगलवार (21 अप्रैल) को हुए मैच के बाद रोहित शर्मा से ऑटोग्राफ लेते दिखाई दिए।

आवेश खान ने सीजन के अपने पहले मैच में ही चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को क्लीन बोल्ड कर दिया था। उस मैच में उन्होंने फाफ डुप्लेसिस का भी विकेट लिया था। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तीन विकेट लिए। उन्होंने शिवम दुबे, डेविड मिलर और रियान पराग को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। पंजाब किंग्स के खिलाफ आवेश ने निकोलस पूरन को चलता किया था। इसके बाद मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव और राहुल चाहर का विकेट अपने नाम किया था। मुंबई के खिलाफ दिल्ली ने 6 विकेट से जीत दर्ज की।

मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में बात करते हुए नजर आए। रोहित द्वारा आवेश को ऑटोग्राफ देने के अलावा रविचंद्रन अश्विन मुंबई के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या को सलाह देते नजर आए। पंड्या ने मैच में 2 ओवर में 17 रन दिए थे। उन्हें अब तक इस सीजन में 4 मैच में 3 विकेट लिए हैं। रोहित आवेश खान के अलावा शिखर धवन, ऋषभ पंत, मार्कस स्टोइनिस से भी बात करते नजर आए। स्टीव स्मिथ ने अपने ऑस्ट्रेलियाई साथी क्रिस लीन से बात की। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा और एनरिच नोर्किया अपने पूर्व कप्तान क्विंटन डीकॉक के साथ नजर आए।

मुंबई ने टॉस जीतकर दिल्ली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उसने 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 44, इशान किशन ने 26, सूर्यकुमार यादव ने 24 और जयंत यादव ने 23 रनों का योगदान दिया। दिल्ली के लिए अमित मिश्रा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। 138 रन के लक्ष्य को दिल्ली ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। उसके लिए शिखर धवन ने 45, स्टीव स्मिथ ने 33 और ललित यादव ने नाबाद 22 रन बनाए।