आईपीएल का 14वां मैच चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें सीजन में दो मैच हार चुकी हैं और एक में जीत मिली है। इस मुकाबले में सबकी नजरें सीएसके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर होगी। वे अब तक छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आए हैं। माही अगर आज ऊपर आकर बल्लेबाजी करते हैं तो कई रिकॉर्ड बना सकते हैं। धोनी अगर इस मैच में दो छक्के लगा देते हैं तो टी20 में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

धोनी अगर आज दो कैच ले लेते हैं तो वे आईपीएल में 10 कैच लेने वाले दूसरे विकेटकीपर हो जाएंगे। इससे पहले दिनेश कार्तिक ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। धोनी से ज्यादा टी20 में छक्के लगाने वालों में रोहित शर्मा और सुरेश रैना हैं। रोहित ने 368 और रैना 311 छक्के लगाए हैं। धोनी के फिलहाल 298 छक्के लगाए हैं। अगर माही इस मैच में अपने पुराने फॉर्म में वापस लौट आए और आठ छक्के जड़ दिए तो वे एबी डिविलियर्स को भी पीछे छोड़ देंगे। दरअसल, आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में डिविलियर्स दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 219 छक्के लगाए हैं। धोनी आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं और उनके नाम 212 छक्के लगाए हैं। सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम हैं। उन्होंने 326 छक्के लगाए हैं।

धोनी आईपीएल में 4500 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज भी बन सकते हैं। उनसे पहले विराट कोहली, सुरेश रैना और रोहित शर्मा ऐसा कर चुके हैं। धोनी के नाम 193 मैच में 4476 रन हैं। उन्होंने 23 अर्धशतक लगाए हैं। उनका औसत 42.22 और स्ट्राइक रेट 137.89 का है। कोहली ने 180 मैच की 172 पारियों में 37.19 की औसत से 5430 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 131.12 रहा है। कोहली ने 36 अर्धशतक और 5 शतक लगाए हैं।

दूसरे नंबर पर काबिज सुरेश रैना ने 193 मैच की 189 पारियों में 5368 रन बनाए हैं। उन्होंने 38 अर्धशतक और 1 शतक जड़े हैं। रैना ने 33.34 की औसत से रन बनाए हैं। वहीं, उनका स्ट्राइक रेट 137.14 रहा है। रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने 192वें मैच में 5 हजार रन पूरे किए। 187 पारियों में उनके नाम 5068 रन हैं। उन्होंने 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाया है। इस दौरान रोहित का औसत 31.87 और स्ट्राइक रेट 131.26 का रहा है।