पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हमेशा किसी न किसी कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। सोशल मीडिया पर एकबार फिर कैप्टन कूल धोनी छाए हुए हैं। धोनी ने फिर से अपना लुक बदल दिया है। इस नए लुक में धोनी बिलकुल अलग अंदाज ने दिखाई दे रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ मैच से पहले धोनी का यह नया लुक नजर आया। इसके बाद से उनका ये नया लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अपने इस नए लुक में धोनी ने सर के सारे बाल कटवा दिए हैं। इसके साथ ही धोनी ने अपनी शेव भी एकदम क्लीन कर दी है।

धोनी का नया लुक सामने आने के बाद से उनके चाहने वाले प्रशंसकों को यह खूब भा रहा है। उनके फैंस इस नए लुक पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर जाहिर कर रहे हैं। एक फैंस ने उनकी 2011 वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रॉफी लिए तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही लिखा, ‘ये याद है न, अब चेन्नई सुपर किंग्स मैच के साथ आईपीएल भी जीतेगी।’ सीएसके के फैंस थाला धोनी के इस नए लुक को देख चेन्नई की तकदीर बदलने की भी बात करने लगे हैं। अभी तक आईपीएल में चेन्नई का सफर अच्छा नहीं रहा है। कई प्रशंसक इस नए अंदाज को देख अभिनेता आमिर खान की फिल्म गजनी को याद करने लगे हैं।


धोनी के नए लुक का कारण अधिक गर्मी का होना हो सकता है। इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया गया है। यूएई में तापमान अधिक रहता है, जिसके कारण अधिक गर्मी रहती है। धोनी के लुक की बात की जाए तो वे समय समय पर इसमें बदलाव करते रहते हैं। अपने शरुआती दिनों में धोनी लंबे बाल रखा करते थे। इसके बाद 2011 विश्व कप जीतने के बाद भी धोनी ने अपना सर मुड़ा दिया था। अभी कुछ दिन पहले वे सफेद दाढ़ी में भी नजर आए थे। उनका फ्रेंच शेव लुक भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

सीएसके अपने 7 मुकाबलों में से केवल 2 ही मैच जीत सकी है। 5 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल में सीएसके छठे स्थान पर है। प्ले-ऑफ में पहुंचने के लिए टीम को लगातार मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी।