कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में 17 से ज्यादा खेलों के 60 से ज्यादा टूर्नामेंट रद्द या स्थगित हो चुके हैं। क्रिकेट में भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड सीरीज, इंग्लैंड-श्रीलंका सीरीज और IPL 2020 को टाल दिया गया है। पाकिस्तान में पाकिस्तान प्रीमियर लीग (PSL) दर्शकों के बिना खाली स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब अख्तर ने कोरोनावायरस के लिए चीन को दोषी ठहराया है। इस वायरस ने दुनिया भर में 5400 से ज्यादा लोगों की जान ली है। अख्तर के मुताबिक चीन ने ही इस बिमारी को बढ़ाया है।

शोएब अख्तर ने कहा, ‘‘आपको चमगादड़ को खाने या उसका खून और पेशाब पीने की क्या जरूरत है। इसकी वजह से पूरी दुनिया में यह वायरस फैल गया है। मैं चीनी लोगों की बात कर रहा हूं। उन्होंने पूरी दुनिया को मुश्किल में डाल दिया है। मुझे समझ नहीं आता कि आप चमगादड़, कुत्ते और बिल्ली को कैसे खा सकते हैं। मुझे सच में बहुत गुस्सा आ रहा है।’’ चीन में इस वायरस के कारण 3 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

टीम इंडिया का Future Schedule, अब भारत 3 महीने बाद श्रीलंका से खेलेगा तीन वनडे और तीन टी20

पूर्व पाकिस्तान तेज गेंदबाज ने आगे कहा, ‘‘अब सारी दुनिया में खतरा फैल चुका है। पर्यटन उद्योग को बुरी तरह झटका लगा है। मैं चीन के लोगों के खिलाफ नहीं हूं लेकिन मैं इस तरह के व्यवहार के खिलाफ हूं। मैं समझ सकता हूं कि यह उनका कल्चर हो सकता है, लेकिन इससे आपको कोई फायदा नहीं हो रहा है। यह मानवता को मारने जैसा है। मैं यह नहीं कह रहा कि आप इन चीनी लोगों का बॉयकॉट कर दें लेकिन कुछ कानून होने चाहिए। आप यूं ही कुछ भी और सब कुछ नहीं खा सकते।’’

कोरोनावायरस का पहला मामला पिछले साल चीन के वुहान शहर में आया था। अब यह दुनिया भर के 100 से ज्यादा देशों में फैल चुका है। भारत में कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज, सिनेमा हॉल और जिम को बंद कर दिया गया है। कई दफ्तरों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। दिल्ली और हरियाणा में इसे महामारी घोषित कर दिया गया है। भारत में अब तक कोरोनावायरस के कारण दो मौत हो चुकी है। वहीं कुल 84 मामले सामने आए हैं।