Azadi Ka Amrit Mahotsav: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की प्रोफाइल फोटो को बदल दिया। उन्होंने अपनी डीपी पर राष्ट्रीय ध्वज का फोटो लगाया। गौरतलब है कि देश भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर पर तिरंगा लगाने का आग्रह किया था।
बता दें कि धोनी ने साल 2020 में 15 अगस्त के ही दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने दो साल पहले अचानक से सोशल मीडिया पर अपनी रिटायरमेंट को लेकर एक पोस्ट डालकर सबको हैरान कर दिया था। हालांकि, वह अब भी आईपीएल में खेलते दिखाई देते हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी-20 और वनडे वर्ल्ड कप जिताया। इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी भी दिलाई।

धोनी काफी कम सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं। उन्होंने जो डीपी लगाई है। उसमें संस्कृत में धन्यः अस्मि भारतत्वेन, हिंदी भाग्य है मेरा कि मैं एक भारतीय हूं और अंग्रेजी में I am blessed to be a Bharatiya लिखा है। धोनी इंडियन टेरिटोरियल आर्मी का भी हिस्सा हैं। साल 2011 में में उन्हें 106 पैरा यूनिट में हॉनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल का पद दिया गया था।
इन खिलाड़ियों ने भी बदली डीपी
धोनी के अलावा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और वर्तमान में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली, टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह ने भी इंस्टाग्राम पर डीपी बदली है। इसके अलावा एनसीए के चेयरमैन वीवीएस लक्ष्मण और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपनी डीपी पर तिरंगा लगाया है। तेंदुलकर ने एक पोस्ट भी शेयर किया है।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर इरफान पठान ने वीडियो किया शेयर
वहीं टीम इंडिया के पूर्व फास्ट बॉलर इरफान पठान ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने सभी देशवासियों से इस अभियान में शामिल होने के लिए अपील की है। उन्होंने खुद अपने घर पर तिरंगा लगाया और वीडियो में वह भी दिखाया है। इसमें पठान कहते हैं, ” तिरंगा मेरी शान, तिरंगा मेरी जान। हर भारतीय दिल से गाए तिरंगा मेरा अभिमान। आइए सभी मिलकर 13-15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान में साथ मिलकर हर घर पर तिरंगा फहराए। “