एशिया कप 2023 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। टूर्नामेंट की शुरुआत मुल्तान में 30 अगस्त 2023 को पाकिस्तान और नेपाल के बीच खेले जाने वाले मैच से होनी है। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। भारतीय टीम ने अब तक सबसे ज्यादा 7 बार एशिया कप का खिताब जीता है। एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों के नाम भी कई रिकॉर्ड दर्ज हैं।

उदाहरण के तौर पर एशिया कप में एक मैच में सर्वोच्च स्कोर बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कुछ ऐसे रिकॉर्ड भी हैं, जिनकी जानकारी बहुत कम लोगों को होगी। एशिया कप में भारत के लिए सबसे पहला शतक किसने लगाया था। इस सवाल पर जेहन में सबसे पहला नाम सचिन तेंदुलकर का आया होगा, लेकिन यह सच नहीं है।

एशिया कप में भारत की ओर से सबसे पहला शतक नवजोत सिंह सिद्धू ने 25 दिसंबर 1990 में लगाया था। नवजोत सिंह सिद्धू ने चंडीगढ़ में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 109 गेंद में 104 रन की पारी खेली थी। एशिया कप में यह भारत की ओर से पहली शतकीय पारी थी।

खास यह है कि उससे एक सीजन पहले नवजोत सिंह सिद्धू ही भारत की ओर से पहले प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। तब नवजोत सिंह सिद्धू ने एशिया कप 1988 के दूसरे ही मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया था। वह मुकाबला 27 अक्टूबर 1988 को बांग्लादेश के चट्टोग्राम में भारत और मेजबान टीम के बीच खेला गया था। टीम की कमान दिलीप वेंगसरकर के हाथों में थी।

एशिया कप में सुरिंदर खन्ना हैं भारत के पहले प्लेयर ऑफ द मैच

वैसे एशिया कप में भारत की ओर से पहला प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार सुरिंदर खन्ना ने जीता था। दिल्ली में 3 जून 1956 को जन्में सुरिंदर चमनलाल खन्ना विकेटकीपर बल्लेबाज थे। उन्होंने 8 अप्रैल 1984 को शारजाह क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मैच में नाबाद 51 रन बनाए थे।

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की थी 10 विकेट से जीत

भारतीय टीम ने वह मैच 170 गेंदें शेष रहते हुए 10 विकेट से जीता था। एशिया कप (वनडे फॉर्मेट) में यह विकेट के लिहाज से संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत है। यह रिकॉर्ड हमेशा कायम रहेगा। भारत के अलावा श्रीलंका (99 गेंदें शेष रहते) और पाकिस्तान (182 गेंदें शेष रहते) ने एशिया कप में 10-10 विकेट से जीत हासिल की हैं। दोनों ने बांग्लादेश के खिलाफ यह उपलब्धि दर्ज की थी।