भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को टीम का सबसे शांत खिलाड़ी माना जाता है। रहाणे को कम ही मौकों पर देखा गया है कि वो गुस्से में आते हैं या किसी दूसरे खिलाड़ी से भिड़ते हैं। टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि एक बार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रहामे के ऊपर कमेंट कर रहे थे। उन्हें ‘गालियां’ दे रहे थे। मुंबई के इस बल्लेबाज ने फिर खास अंदाज में कंगारू खिलाड़ियों को जवाब दिया था।
दरअसल, रोहित शर्मा और शिखर धवन ने एक बार ‘ऑकट्री स्पोर्ट्स’ यूट्यूब चैनल के लिए एंकर गौरव कपूर को इंटरव्यू दिया था। उस दौरान उन्होंने रहाणे से जुड़े किस्से याद किए। रोहित ने कहा, ‘‘बहुत पहले हम केरल में थे। पूरी टीम वहां नाव पर गई थी। वहां पर हम एक गेम खेल रहे थे। उस दौरान रहाणे के अंदर ‘सिंघम’ आ गया था। उसने अजीबोगरीब इशारे किए थे। वो मेरी ही टीम में था। रहाणे को देखकर इतनी हंसी आई थी कि पूछो मत।’’ फिर शिखर धवन ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया दौरे को याद किया। जब रहाणे ने गेंदबाज को चिढ़ाया था।
इस पर रोहित ने वो किस्सा सुनाते हुए कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के दो-तीन गेंदबाज रहाणे को स्लेड कर रहे थे। वो बोल रहे थे शॉट मारो। खेल के दिखाओ। इस पर रहाणे ने अजीब रिएक्शन दिया। उन्होंने गेंदबाज को चिढ़ाने के लिए मुंह ऐंठ दिया था। इस पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने कहा कि कौन ये है और ऐसे क्यों कर रहा है। सबलोग हंस रहे थे।’’ इस किस्से को सुनने के बाद होस्ट गौरव कपूर ने कहा कि स्लेजिंग का इससे अच्छा रिप्लाई नहीं सुना था।
रहाणे फिलहाल टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। चार मैचों की सीरीज में भारत 0-1 से पीछे चल रहा है। उसे एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में 8 विकेट से हार मिली थी। विराट कोहली अगले महीने पिता बनने वाले हैं। उन्होंने इसके लिए पैटरनिटी लीव लिया है। उनकी अनुपस्थिति में अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभाल रहे हैं। उनके कंधे पर वापसी के साथ-साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को अपने पास रखने की जिम्मेदारी है। टीम इंडिया पिछली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीती थी।

