अलसी के बीज को एक सुपरफूड माना जाता है जिसका सेवन करने से बॉडी को कई तरह के हेल्थ बेनेफिट्स होते हैं। अलसी के बीज को डाइट में शामिल करने से दिल के रोगों का जोखिम कम होता है,पाचन दुरुस्त रहता और बॉडी में सूजन कम होती है। इसका सेवन करने से स्किन से लेकर बालों तक को फायदा होता है। पोषक तत्वों से भरपूर अलसी के बीज का सही तरीके से सेवन किया जाए तो सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचता है।
अलसी का इस्तेमाल कैसे करें इसे लेकर पोषण विशेषज्ञ,जूही कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर के बताया है। एक्सपर्ट के मुताबिक अलसी के बीज का सही तरीके से सेवन करके वजन को कंट्रोल किया जा सकता है,मेनोपॉज, दिल के रोगों और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में इन बीजों का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। एक्सपर्ट के मुताबिक इन बीजों का फायदा बॉडी को तभी मिलेगा जब आप इसे सहीं तरीके से इस्तेमाल करते हैं।
अलसी के बीज ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर हैं जो सेहत के लिए फायदेमंद हैं। इसमें “फाइटोस्ट्रोजन” भी भरपूर मौजूद होता है जो हार्मोनल संतुलन को बढ़ावा देने में मदद करता है। यह पीसीओएस (PCOS) के मामले में भी मदद करता है। इसका सेवन करने से गुड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ता है और खराब कोलेस्ट्रॉल कम होता है। जूही कपूर ने बताया अगर अलसी के बीज का सेवन ठीक तरीके से किया जाए तभी ये सब फायदे मिलते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि अलसी के बीज का सेवन कैसे करें।
अलसी के सेवन का सही तरीका क्या है?
- जूही कपूर ने बताया है कि अलसी के सेवन का सही तरीका यह है कि उन्हें अच्छी तरह से भून लें और हो सके तो उन्हें पीस लें। इन बीज का सेवन कभी भी कच्चा और पूरा न करें। यह अधपका रहता है जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
- अगर अलसी के बीज ठीक से भुने नहीं होते तो बीज बिना पचे रह जाते हैं और शरीर से बाहर निकल जाते हैं। बिना भूने बीज हमारी आंतों की दीवार से चिपक जाते हैं और सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं।
केयर हॉस्पिटल भुवनेश्वर में सीनियर डाइटिशियन गुरु प्रसाद दास ने indianexpress.com को बताया है कि अलसी के सेवन का सही तरीका पहले उन्हें पीसना है फिर उनका सेवन करना है। एक्सपर्ट के मुताबिक पूरे बीज का सेवन करने पर शरीर को उसे पचाने में मुश्किल होती हैं और ये पाचन तंत्र से बिना पचे निकल सकते हैं।
एक्सपर्ट के मुताबिक अलसी के बीज को बारीक पीस कर उसका सेवन करने से बॉडी को पोषक तत्वों का अवशोषण कुशलता से करने में मदद मिलती है। इन्हें पीसने के लिए आप कॉफी ग्राइंडर, ब्लेंडर या फूड प्रोसेसर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप स्टोर से प्री-ग्राउंड अलसी मील भी खरीद सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि अलसी के बीजों को बासी होने से बचाने के लिए रेफ्रिजरेटर या फ्रीजर में एक एयरटाइट कंटेनर में रख सकते हैं।
यदि आप अलसी के बीजों का सही तरीके से सेवन नहीं करते हैं तो आपको उनके पोषक तत्वों का पूरा फायदा नहीं मिल सकता है। गलत तरीके से अलसी का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। गलत तरीके से इन बीजों का सेवन आंतों में रुकावट पैदा कर सकता है और पाचन संबंधी परेशानियां पैदा बढ़ा सकता है।