भागदौड़ भरी जिंदगी और अनहेल्दी खानपान के चलते शरीर पर कई बीमारियां राज कर रही हैं। इसके साथ ही धीरे-धीरे शरीर भी कमजोर होने लगता है और फिर हड्डियों में दर्द और कमजोरी शुरू हो जाता है। खानपान और लाइफस्टाइल सही नहीं होने के कारण ही आज के समय में कम उम्र में ही हड्डियां जवाब देने लगी हैं और चटकने लगती हैं। हालांकि, लोगों को हाथ-पैर की उंगलियां चटकाने की आदत होती है तो जब घुटनों या फिर कोई अन्य हड्डी चटकती है तो इसे नजरअंदाज कर देते हैं। अगर, कम उम्र में ही हड्डियों से कट-कट या चटकने की आवाजें आने लगे, तो यह सिर्फ मामूली समस्या नहीं हो सकती। यह ऑस्टियोपोरोसिस या आर्थराइटिस जैसी हड्डी से जुड़ी बीमारियों का संकेत हो सकता है। आमतौर पर यह समस्या उम्र बढ़ने के साथ होती है, लेकिन लाइफस्टाइल, खराब डाइट और कैल्शियम की कमी के कारण ये समस्या युवाओं में तेजी से बढ़ रही है। कन्नौज के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में आर्थोपेडिक सर्जन प्रो. डॉ. सीपी पाल ने हड्डियों की कमी से होने वाली बीमारी और उससे बचाव के उपाय बताए हैं।
क्या है ऑस्टियोपोरोसिस?
दरअसल, ऑस्टियोपोरोसिस एक हड्डियों से जुड़ी बीमारी है, जिसमें हड्डियां कमजोर और भंगुर हो जाती हैं। यह हड्डियों के घनत्व को कम कर देता है, जिससे मामूली चोट या झटका लगने से भी फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। उम्र बढ़ने के साथ ही जोड़ों में कट-कट की आवाज आना शुरू हो सकती है, क्योंकि बढ़ती उम्र से जोड़ों के कुछ कार्टिलेज खराब हो जाते हैं। जिससे कई बार आवाज, दर्द और सूजन आ जाती है।
हड्डियों से कट-कट की आवाज आने के मुख्य कारण
- कैल्शियम और विटामिन D की कमी- हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम और विटामिन D सबसे जरूरी होते हैं। इनकी कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।
- ज्यादा जंक फूड और सॉफ्ट ड्रिंक्स- ये शरीर में एसिडिटी बढ़ाते हैं, जिससे शरीर कैल्शियम की कमी हो जाती है।
- फिजिकल एक्टिविटी की कमी- ज्यादा बैठने और कम एक्सरसाइज करने से हड्डियां कमजोर होती हैं।
- ज्यादा या गलत वर्कआउट- ज्यादा एक्सरसाइज से भी हड्डियों में स्ट्रेस बढ़ सकता है।
- हार्मोनल असंतुलन- महिलाओं में एस्ट्रोजन की कमी और पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन की कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।
हड्डियों की मजबूती के लिए क्या करें?
हड्डियों को मजबूत करने के लिए सही डाइट और अच्छा लाइफस्टाइल बहुत ही जरूरी है। इसके लिए कैल्शियम से भरपूर फूड्स यानी दूध, दही, पनीर, बादाम, तिल, पालक, सोयाबीन आदि का सेवन बहुत ही फायदेमंद हो सकता है। इसके साथ ही विटामिन D भी हड्डियों के लिए सबसे आवश्यक पोषक तत्वों में से एक है। विटामिन D की पूर्ति करने के लिए अंडे की जर्दी, मछली और मशरूम खाएं। इसके साथ ही प्रोटीन और मैग्नीशियम युक्त फूड्स जैसे दालें, नट्स, बीज और हरी सब्जियां भी हड्डियों के लिए फायदेमंद होती हैं।
एक्सरसाइज करें
हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए वेट-बियरिंग एक्सरसाइज बहुत ही असरदार होती है। वॉकिंग, रनिंग और स्किपिंग हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा योग और स्ट्रेचिंग करने से हड्डियों और जोड़ों में लचीलापन आता है।
तन और मन दोनों को जीवंत करता है मैग्नीशियम, नाभि पर इसके तेल से करें मसाज तो सुधर जाएगी सेहत, रिसर्च से जानिए कैसे। पूरी खबर की जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।