भुने हुए चने सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं। यही वजह है कि अक्सर इन्हें डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आप इन चनों के साथ गुड़ मिलाकर खाते हैं, तो सेहत पर इसके फायदे दो गुने हो सकते हैं? खासकर मौसम बदलने पर और सर्दियों में इन दोनों चीजों का एक साथ सेवन आपको कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है। भुने हुए चने जहां प्रोटीन, जिंक, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, मैंगनीज, विटामिन बी6, फोलेट, आयरन सहित शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्वों का खजाना है, वहीं गुड़ एंटी-ऑक्सिडेंट और सेलेनियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो भी स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक माने जाते हैं।

खासकर वे लोग जो जल्दी बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं, उनके लिए गुड़-चने का सेवन एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। अगर आप सुबह के समय खाली पेट इन दोनों चीजों को साथ में खाते हैं, तो ये आपके लिए अधिक फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

इम्यूनिटी होती है बूस्ट

जैसा की ऊपर जिक्र किया गया है, गुड़ और चने में एंटीऑक्सीडेंट्स, जिंक और सेलेनियम जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं। ये शक्तिशाली मिनरल्स शरीर में ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इससे शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद मिलती है, साथ ही ये आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाने में भी असरदार हैं। ऐसे में इन दोनों चीजों को एक साथ खाने से आपको बाहरी संक्रमण से लड़ने की ताकत मिलती है और आप जल्दी-जल्दी बीमार नहीं पड़ते हैं।

बेहतर ढंग से काम करता है दिमाग

गुड़-चने का मिश्रण विटामिन बी6 से भरपूर होता है, जो आपके मस्तिष्क की कार्यक्षमता में सुधार करने में मददगार है। विटामिन बी6 याददाश्त बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में आप इसे परीक्षा के समय बच्चों की डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। ये उन्हें बेहतर ढंग से चीजों को समझने में मदद करेगा।

बढ़ जाती है मांसपेशियों की ताकत

कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि खाली पेट गुड़-चना खाने से मांसपेशियों का विकास अधिक तेजी से होता है। दरअसल, इन दोनों की चीजों में प्रोटीन, पोटैशियम और कार्ब्स अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो मांसपेशियों के निर्माण के लिए जरूरी हैं।

खून बढ़ाने में मददगार

एनीमिया एक ऐसी समस्या है जिससे अक्सर लोगों को दो-चार होना पड़ता है। खासकर महिलाएं खून की कमी से ज्यादा जूझती हैं। बता दें कि इस समस्या में भी गुड-चना खाने से आपको फायदा मिल सकता है। चने और गुड़ में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो खून की कमी को दूर करने में मदद कर सकता है।

हार्ट को रखता है हेल्दी

इन दोनों चीजों का सेवन आपके दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है। ये पोटैशियम का एक अच्छा स्रोत है, जो हृदय रोग और रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त, गुड़ और चने में मौजूद मैग्नीशियम भी रक्त वाहिकाओं की सुरक्षा में मदद कर सकता है।

हड्डियां होती हैं मजबूत

गुड़ और चने के नियमित सेवन से हड्डियां भी स्ट्रॉन्ग होती हैं। ऐसे में खासकर 30 की उम्र पार चुके लोगों को इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाने की सलाह दी जाती है। गुड़ और चने में मौजूद कैल्शियम और मैग्नेशियम हड्डियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रेस्पिरेटरी डिजीज का खतरा होता है कम

भुना चना गुड़ के साथ खाने से श्वसन तंत्र से जुड़ी बीमारियों में भी काफी फायदा पहुंचाता है। कुछ हेल्थ रिपोर्ट के मुताबिक, गुड़ और चने को रोजाना खाने से ब्रोंकाइटिस और अस्थमा जैसी सांस से जुड़ी बीमारियों को रोकने में भी मदद मिल सकती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।