रविवार को प्रियंका गांधी ने फरीदकोट के कोटकपूरा में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में भले ही कांग्रेस की सरकार थी और कैप्टन सीएम थे लेकिन वो बीजेपी के कहने से चल रहे थे।

प्रियंका गांधी ने कोटकपूरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह सच है कि 5 सालों से यहां हमारी सरकार थी। यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थी। वह सरकार पंजाब से चलना बंद हो गई थी। वह सरकार दिल्ली से चलने लगी और दिल्ली में भी कांग्रेस पार्टी से नहीं बल्कि भाजपा सरकार द्वारा चल रही थी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है। इसलिए हमें वह सरकार बदलनी पड़ी और एक नई राजनीति आपके सामने लानी पड़ी। हम आपकी आवाज सुन रहे थे और हम जान रहे थे कि कुछ गलत हो रहा है। उसको ठीक करने के लिए एक नई राजनीति आपके सामने आई। उस नई राजनीति में आपको एक ऐसे शख्स मिले जो आप सभी में से उभरे।

आगे उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे आपकी तरह ही हैं। एक गरीब परिवार के मुख्यमंत्री जिन्होंने आपके लिए सौ से डेढ़ सौ दिनों में ही इतना कुछ कर डाला, क्योंकि वह आपकी समस्याओं को समझते हैं। जो जानते हैं कि पंजाब की सरकार पंजाब से चलनी चाहिए। साथ ही प्रियंका ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी जी को एक मौका दीजिए। आपके हित के लिए एक सरकार बनाने का और पंजाब को फिर से मजबूत बनाने का मौका दीजिए।

बता दें कि पिछले साल पंजाब कांग्रेस इकाई के कुछ नेताओं और विधायकों की बगावत के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा। उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि सीएम पद से हटाए जाने के कुछ दिन बाद ही अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए अमरिंदर सिंह की पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया है और 37 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।