MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची आज जारी हो सकती है। दिल्ली में बुधवार को सीईसी की बैठक हुई। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि बची हुई सभी 86 सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए हैं, लेकिन दूसरी सूची में 50 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है, जबकि अन्य 36 सीटों पर कैंडिडेट का ऐलान कुछ दिन बाद होगा।
दिल्ली में बुधवार को करीब पांच घंटे तक चली चुनाव समिति की इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ, राज्य प्रभारी रणदीप सुरजेवाला सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। इन नेताओं की बीच प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन हुआ। 86 सीटों पर वन टू वन मार्किंग की गई। एक-एक सीट पर उम्मीदवारों को चुनते वक्त कांग्रेस के सर्वे, कमलनाथ का निजी सर्वे और केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा कराए गए सर्वे की रिपोर्ट को ध्यान में रखा गया और जिताऊ प्रत्याशियों के फाइनल कर लिए गए।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी ने दूसरी सूची में सर्वे के आधार पर नए चेहरों पर दांव खेला है। जिन विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा जाना है। संगठन की तरफ से उन्हें संकेत दे दिया गया है। जिन सीटों पर दो या उससे ज्यादा दावेदार हैं। ऐसी सीटों पर जातिगत समीकरणों को देखते हुए प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं।
कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को 144 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। जिसके बाद अब बची हुई 86 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा होना बाकी है। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने 21 विधायकों के साथ ही लगातार हारने वाली 40 सीटों के नामों पर मंथन किया था। इन्हीं नामों को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के सामने रखा गया। दूसरी लिस्ट में उन सीटों पर खासा फोकस किया गया है, जिस पर कांग्रेस को लंबे समय से हार का सामना करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश में इस साल 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसको लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
