Lok Sabha Election 2019: बॉलीवुड अभिनेता और बिहार के पटनासाहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पहली बार भाजपा छोड़ने की बात कही है। गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट किया कि वह बड़े भारी मन से भाजपा छोड़ने जा रहे हैं। उन्होंने लिखा है, “दर्दनाक रूप से…. बीजेपी से बाहर जाने के रास्ते पर हूं…. लेकिन उम्मीद है कि प्रिय मित्र लालू यादव के गतिशील नेतृत्व में और राष्ट्र निर्माता, सच्चा नेहरू-गांधी परिवार के सबसे वांछनीय, नेता के साथ सबसे अच्छी दिशा में।”
दिल्ली में राहुल से भेंट से पहले उन्होंने कहा था कि सब कुछ ठीक है और वह कांग्रेस में ही शामिल होंगे। पर गुरुवार को वह कांग्रेस का हिस्सा नहीं बने। कांग्रेस प्रमुख से मिलने के बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वह कांग्रेस में कब शामिल होंगे? शॉटगन का जवाब था- जल्द। मैं आपको नवरात्रि के दौरान सकारात्मक समाचार दूंगा और कांग्रेस का हिस्सा बनूंगा।
यह पूछे जाने पर कौन सी सीट से लड़ेंगे? वह बोले, “सिचुएशन कुछ भी हो, लोकेशन वही रहेगी।” शत्रु के इस बयान से समझा जा सकता है कि वह अभी भी पटनासाहिब से लड़ने की जिद पर अड़े हैं। कुछ राजनीतिक जानकारों ने अंदाजा लगाते हुए कहा कि शायद सीट के मसले पर पेंच फंसा हो, लिहाजा गुरुवार को वह कांग्रेस में शामिल नहीं हो पाए।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसी खबरें आ रही हैं कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल होंगे। गुरुवार (28 मार्च) को भी उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की लेकिन कांग्रेस में शामिल नहीं हो सके। उनके नए ट्वीट से समझा जा रहा है कि पटना साहिब सीट पर खींचतान होने की स्थिति में वो राजद में भी शामिल हो सकते हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा इस सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने साल 2009 में राजद के विजय कुमार को 1 लाख 66 हजार 770 वोट के अंतर से हराया था जबकि 2014 में कांग्रेस के कुनाल सिंह को 2 लाख 65 हजार 805 मतों के अंतर से हराया था। सिन्हा वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। सिन्हा ने 27 साल पहले अपने सीनियर राजेश खन्ना के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरते हुए राजनीति की राह पकड़ी थी। तब भाजपा ने उन्हें खन्ना के खिलाफ उप चुनाव में उतारा था लेकिन सिन्हा 25,000 वोट से हार गए थे।