Lok Sabha Chunav 2024 4th Phase Polling Date Time, Schedule, Chothe Charan ki Polling kab Hogi: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में कुल 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 96 लोकसभा क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। इनमें आंध्र प्रदेश की 25, बिहार की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की 4, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट शामिल हैं। सभी जगह मतदान सुबह सात बजे शुरू हुए हैं जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
खास उम्मीदवारों के नाम और उनकी सीटें
चौथे चरण में कुल 1717 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कई महत्वपूर्ण नेताओं की किस्मत का फैसला होना है। इनमें यूपी के कन्नौज से सपा नेता अखिलेश यादव, बिहार के बेगूसराय से बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उजियारपुर से बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मुंगेर के जेडीयू के ललन सिंह, पश्चिम बंगाल के बहरामपुर से कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी, तेलंगाना के हैदराबाद से एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी और पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टीएमसी के शत्रुघन सिन्हा खास है।
क्रिकेटर यूसुफ पठान की सीट पर भी होगी वोटिंग
इनके अलावा पश्चिम बंगाल के बहरामपुर से टीएमसी के यूसुफ पठान, कृष्णानागर से टीएमसी की महुआ मोइत्रा, बर्धमान-दुर्गापुर से बीजेपी के दिलीप घोष और टीएमसी के कीर्ति आजाद, महाराष्ट्र के बीड से बीजेपी की पंकजा मुंडे, तेलंगाना के करीमनगर से बीजेपी नेता बंडी संजय कुमार, सिंकदराबाद से बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, हैदराबाद से बीजेपी की माधवी लता और झारखंड के सिंघभूम से गीता कोड़ा, खूंटी से पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और यूपी के खीरी से केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा के भाग्य का फैसला भी जनता इसी चरण में करेगी।
आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों पर मतदान
चौथे चरण के चुनाव में ही आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों के साथ ही 175 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एनडीए का यहां टीडीपी और जनसेना से गठबंधन है। बंटवारे के तहत टीडीपी 144 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बीजेपी 10 विधानसभा सीटों और जनसेना 21 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। सभी जगह केद्रीय सुरक्षा बल की कई कंपनियां लगाई गई हैं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस और पीएसी भी तैनात की गई है।
मतदान वाले राज्य और सीटों के नाम इस तरह हैं
क्रम संख्या | राज्य | लोकसभा क्षेत्रों के नाम |
1 | उत्तर प्रदेश | शाहजहांपुर, फेरी, दौरा, सीतापुर, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, हरदोई, कानपुर और बहराइच। |
2 | तेलंगाना | आदिलाबाद, पेद्दापल्ली, करीमनगर, निजामाबाद, हैदराबाद, मेडक, सिकंदराबाद, मल्काजगिरी, चेवेल्ला, महबूबनगर, नगरकुरनूल, नलगोंडा, भोंगीर, वारंगल, महमूदाबाद और खम्मम। |
3 | मध्य प्रदेश | देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा। |
4 | आंध्र प्रदेश | श्रीकाकुलम, विजयनगर, विशाखापट्टनम, अराकू, अनकापल्ली, काकीनाडा, अमलापुरम, राजमुंदरी, नरसापुरम, एलुरु, मछलीपट्टनम, विजयवाड़ा, गुंटूर, नरसारावपेट, बापटला, ओंगोल, नंद्याल, कुरनूल, अनंतपुर, हिंदूपुर, कडप्पा, नोल्लोर, तिरूपति, राजमपेट और चित्तूर। |
5 | महाराष्ट्र | नंदुरबार, जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, मावल, पुणे, शिरूर, अहमदनगर, शिरडी और बीड। |
6 | बिहार | दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर। |
7 | पश्चिम बंगाल | बहरामपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर, बर्धमान पुरबा और बीरभूम। |
8 | जम्मू-कश्मीर | श्रीनगर। |
9 | ओडिशा | कालाहांडी, नबरंगपुर, बेरहामपुर और कोरापुट। |
10 | झारखंड | सिंहभूमि, खूंटी, लोहरदगा और पलामू। |