Karnataka Election Result 2023: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को भाजपा से बगावत भारी पड़ी है। जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें बीजेपी के महेश तेंगिंकाई ने भारी अंतर से हराया है। शेट्टार कर्नाटक की भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन इस बार टिकट न मिलने से नाराज होकर पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उन्हें उसी हुबली धारवाड़ सीट से प्रत्याशी बनाया था, जहां वे भाजपा के टिकट पर विधायक थे। शेट्टार हुबली-सेंट्रल धारवाड़ सीट से छह बार के विधायक हैं। हुबली-सेंट्रल धारवाड़ बीजेपी का गढ़ माना जाता है।
दक्षिण में जनसंघ का किला रहा है हुबली
पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार के लिए कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी चुनाव प्रचार किया था, लेकिन सोनिया गांधी का चुनाव प्रचार भी शेट्टार को जीत नहीं दिला सका। हुबली वही जगह है जहां जनसंघ ने दक्षिण भारत में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। 1968 में जब जगदीश शेट्टार के चाचा सदाशिव ने जीत हासिल की थी।
जगदीश शेट्टार उत्तर कर्नाटक के लिंगायत समुदाय के एक बड़े नेता के तौर पर जाने जाते हैं। शेट्टार कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और हुबली-मध्य धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से छह बार के विधायक हैं। जगदीश शेट्टार के पिता शिवप्पा शेट्टार हुबली के मेयर थे। वो दक्षिण भारत में जनसंघ के पहले मेयर थे।
नतीजों से पहले शेट्टार ने कहा था कि यह एक अंतर्धारा है। सभी जातियों के लोग मुझे वोट दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस निश्चित रूप से सत्ता में आएगी और वो इस चुनाव को बड़े अंतर जीतेंगे। हुबली से बीजेपी उम्मीदवार महेश तेंगिंकाई ने न्यूज एजेंसी IANS से कहा, “बीजेपी इस सीट को बड़े अंतर से जीतेगी। बीजेपी का इस निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यक्रमों ने लोगों को चुनाव में स्पष्ट विकल्प दिया है।”
वहीं बेलागवी जिले के अथानी निर्वाचन क्षेत्र में कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी आगे चल रहे हैं। भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दी थी। जिसके बाद सावदी ने भाजपा छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
बीजेपी से टिकट न मिलने पर शेट्टार ने क्या कहा था?
भाजपा से टिकट न मिलने पर जगदीश शेट्टार ने कहा था, “मैंने सभी से टिकट न मिलने का कारण पूछा। क्या इसका कारण उम्र रहा? मैं 67 वर्ष का हूं, भाजपा ने 75 वर्ष के नेताओं को टिकट दिया है। क्या मेरी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है। या भ्रष्टाचार के कोई आरोप हैं? मेरा राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है, कोई काला धब्बा नहीं है।”