Karnal Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा 2024 के लिए सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि अभी कई सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की जिन 10 सीटों पर परचम लहराया था उनमें से एक सीट करनाल भी है।
बीजेपी के संजय भाटिया ने 6,56,142 वोटों के अंतर से जीता था चुनाव
करनाल से बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया ने 6,56,142 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कुलदीप शर्मा को हराया था। 2019 में इस सीट पर कुल 68.35% मतदान हुआ था और यहां से कुल 17 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। करनाल लोकसभा सीट में कुल 9 विधानसभा सीट आती हैं। इनमें इसराना (एससी), नीलोखेड़ी (एससी), समालखा, घरौंडा, पानीपत ग्रामीण, करनाल, पानीपत सिटी, इंद्री, असंध शामिल है।
कांग्रेस का गढ़ रही है करनाल सीट
करनाल, दिल्ली से करीब 135 किलोमीटर दूर है। यह क्षेत्र हमेशा से कांग्रेस पार्टी का गढ़ माना जाता था, लेकिन 2014 में भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाई और मोदी लहर में बीजेपी उम्मीदवार अश्विनी कुमार ने यहां से दो बार लगातार कांग्रेस के सांसद रहे डॉ. अरविंद शर्मा को 3,60,147 वोटों से हराया था। भाजपा से अश्विनी कुमार को कुल 5,94,817 वोट मिले, जबकि अरविंद शर्मा को 2,34,670 वोट पड़े थे। 1952 से 2019 तक कांग्रेस ने करनाल सीट 9 बार जीती थी जबकि 4 बार इस सीट को बीजेपी ने जीता था।
करनाल का भारतीय इतिहास में अहम स्थान
ऐतिहासिक दृष्टिकोण से करनाल लोकसभा क्षेत्र देश के इतिहास में अहम स्थान रखता है। यहां के पानीपत जिले की धरती भारतीय इतिहास के तीन बड़े युद्ध का गवाह बनी है। मोहम्मद गौरी व पृथ्वी राज चौहान के बीच में तरावड़ी में लड़ाई हुई थी। यहां आज भी पृथ्वी राज चौहान का किला है। करनाल जिले के कई गांव कुरुक्षेत्र की 48 कोस की जमीन के दायरे में आते हैं। करनाल में कई बड़ी फैक्ट्रियां हैं, जिसमें कृषि उपकरण, राइस शैलर, वनस्पति, तेल व दवाइयां तैयार की जाती हैं।
1952 से अब तक करनाल से रहे सांसदों की सूची
- करनाल लोकसभा क्षेत्र में पहला चुनाव 1952 में हुआ था और उस चुनाव को कांग्रेस पार्टी के विरेंद्र कुमार सत्यवादी ने जीता था। इसके बाद 1957 में कांग्रेस की महिला उम्मीदवार सुभद्रा जोशी ने यहां से जीत दर्ज की थी। बीजेपी ने इस सीट पर पहला चुनाव 1962 में जीता था। स्वामी रामेश्वरानंद यहां से विजयी उम्मीदवार थे। 1967 और 1971 में कांग्रेस के माधो राम शर्मा ने करनाल का लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 1977 में जनता पार्टी के भगवत दयाल शर्मा और 1978 में मोहिंदर सिंह ने यहां जीत दर्ज की थी।
- 1980 से लेकर 1991 तक कांग्रेस पार्टी के चिरंजी लाल शर्मा यहां से चुनाव जीता था। फिर 1996 में बीजेपी के ईश्वर दयाल स्वामी, 1998 में कांग्रेस के भजन लाल, 1999 में फिर ईश्वर दयाल स्वामी ने यहां से चुनाव जीता था। 2004 और 2009 में कांग्रेस पार्टी के अरविंद शर्मा यहां से चुनाव जीते थे। 2014 में बीजेपी के अश्विनी चोपड़ा और 2019 में संजय भाटिया ने यहां से लोकसभा चुनाव जीता था।
- कितने हैं मतदाता-
- पुरुष मतदाता-10,19227
- महिला मतदाता- 8,84915
- कुल मतदाता- 19,04193