बिहार के चर्चित आईपीएस रहे किशोर कुणाल की बहू शांभवी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में शामिल हो सकती हैं। किशोर कुणाल के बेटे शायन कुणाल की पत्नी शांभवी बिहार सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी की बेटी भी हैं। शांभवी चिराग की पार्टी से जमुई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
शायन कुणाल ने चिराग पासवान से की मुलाकात
शायन कुणाल ने सोमवार को चिराग पासवान से मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान हाजीपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे जबकि शांभवी जमुई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। एनडीए में चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को 5 सीटें मिली हैं।
चर्चित आईपीएस अधिकारियों में से एक थे किशोर कुणाल
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी के दामाद शायन कुणाल हैं। उनके पिता आचार्य किशोर कुणाल बिहार के सबसे अधिक चर्चित आईपीएस अधिकारियों में से एक थे। आचार्य किशोर रिटायरमेंट के बाद सामाजिक कार्यों से जुड़ गए। वह वर्तमान में बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष और पटना के चर्चित महावीर मंदिर न्यास के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जब देश में वीपी सिंह की सरकार थी, उस दौरान किशोर कुणाल को केंद्र सरकार ने विश्व हिंदू परिषद और बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्ता के लिए स्पेशल ऑफिसर के तौर पर नियुक्त किया गया था। किशोर कुणाल राजधानी पटना में ज्ञान निकेतन स्कूल के संस्थापक भी हैं। जिस महावीर मंदिर न्यास के किशोर कुणाल सचिव हैं, वह कई स्कूलों और कैंसर अस्पतालों का संचालन करता है।
बिहार में चिराग की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को NDA में पांच सीटें मिली है। बिहार की 40 सीटों में 17 पर बीजेपी, 16 पर जेडीयू, एक पर जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान अवाम मोर्चा और एक पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा लड़ेगी।
पशुपति कुमार पारस ने दिया इस्तीफा
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मैंने बहुत ईमानदारी से देश की सेवा की और मैं आज भी प्रधानमंत्री जी का शुक्रगुजार हूं। उन्होंने कहा कि हमारे साथ नाइंसाफी हुई है, इसलिए मैं केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देता हूं।