Buxer Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: बिहार के बक्सर क्षेत्र लोकसभा चुनाव में इस बार जनता का समर्थन किसको मिलेगा, यह तो मतदान का नतीजा आने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन जाति की राजनीति इस क्षेत्र में प्रमुखता से हावी दिख रही है। कैमूर और रोहतास जिले से लगा हुआ बक्सर लोकसभा क्षेत्र में पिछले दो बार (2014 और 2019) से बीजेपी के अश्विनी चौबे जीतते आ रहे हैं। वे इस समय केंद्र में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। बीजेपी इस बार यहां से हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रही है।
2009 से पहले लगातार चार बार BJP के पास रही है यह सीट
इसके पहले 2009 के चुनाव को छोड़ दिया जाए जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के जगदानंद सिंह ने जीत हासिल की थी, तो उससे पहले 1996, 1998, 1999 और 2004 के चुनावों में बीजेपी के लाल मुनी चौबे लगातार चार बार यहां से सांसद रहे हैं। बक्सर शायद राज्य की इकलौती ऐसी सीट है, जहां ब्राह्मणों का खासा दबदबा रहा है। मौजूदा समय में यहां 6 विधानसभा क्षेत्र हैं। बक्सर लोकसभा क्षेत्र में पड़ोसी कैमूर और रोहतास क्षेत्र का भी कुछ हिस्सा आता है।
20 फीसदी ब्राह्मण, 18 फीसदी राजपूत निर्णायक भूमिका में हैं
इस लोकसभा सीट में कुल 18 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। सबसे ज्यादा 20 फीसदी ब्राह्मण, 18 फीसदी राजपूत यहां निर्णायक भूमिका में हैं। इसके अलावा 10 फीसदी भूमिहार, 5-5 फीसदी कायस्थ और वैश्य वर्ग के मतदाता हैं। कुशवाहा, ओबीसी, मुस्लिम भी हैं, लेकिन भी हैं, लेकिन उनकी संख्या बहुत अधिक नहीं है।
2014 और 2019 में बीजेपी के अश्विनी चौबे ने मारी थी बाजी
2019 में बक्सर संसदीय क्षेत्र में कुल 1829373 मतदाता थे। विजेता उम्मीदवार बीजेपी के अश्विनी कुमार चौबे को कुल 4,73,053 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार जगदानंद सिंह को कुल 3,55,444 वोट मिले थे। यानी अश्विनी कुमार चौबे ने उनको 1,17,609 वोटों से पराजित किया था।इसी तरह 2014 में विजेता बीजेपी उम्मीदवार अश्विनी कुमार चौबे को कुल 3,19,012 वोट मिले थे। जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार जगदानंद सिंह को कुल 1,86,674 वोट ही मिले थे। यानी वे 1,32,338 वोटों से चुनाव हारे थे।
इसके उलट 2009 में इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार जगदानंद सिंह जीते थे। उन्हें कुल 1,32,614 वोट हासिल हुए थे। बीजेपी उम्मीदवार लाल मुनि चौबे को कुल 1,30,376 वोट मिले थे। इस तरह जगदानंद सिंह ने लाल मुनि चौबे को 2238 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी।
लोकसभा चुनाव वर्ष | विजेता उम्मीदवार | वोट | पराजित उम्मीदवार | वोट |
2019 | अश्विनी कुमार चौबे (BJP) | 4,73,053 | जगदानंद सिंह (RJD) | 3,55,444 |
2014 | अश्विनी कुमार चौबे (BJP) | 319012 | जगदानंद सिंह (RJD) | 1,86,674 |
2009 | जगदानंद सिंह (RJD) | 132614 | लालमुनि चौबे (BJP+JDU) | 1,30,376 |
2004 में यहां से बीजेपी उम्मीदवार लालमुनि चौबे जीते थे। उन्हें कुल 2,05,980 वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी ददन सिंह पर रहे। उन्हें कुल 1,51,114 वोट मिले थे। लालमुनि चौबे ने उन्हें 54,866 वोटों से शिकस्त दी थी।