भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता साक्षी महाराज उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से सांसद हैं। 2014 में मोदी लहर के दौरान साक्षी महाराज पहली बार उन्नाव से लोकसभा सांसद चुने गए थे। 2014 में उन्होंने समाजवादी पार्टी अरुण शंकर शुक्ला को 310173 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं 2019 में साक्षी महाराज अरुण शंकर शुक्ला के खिलाफ ही 400,956 वोटों से जीते थे।

राज्यसभा सांसद भी रहे हैं साक्षी महाराज

स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज उन्नाव से पहले 1991 में मथुरा से, 1996 और 1998 में फर्रुखाबाद से भी आम चुनाव जीत चुके हैं। इसके अलावा 2000 से लेकर 2006 तक वह राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं। उनके पास पीएचडी की डिग्री है। राजनीति के अलावा साक्षी महाराज देशभर में विभिन्न शैक्षणिक संस्थान और आश्रम चलाते हैं, जिसके वर्तमान निदेशक के रूप में भी वह कार्यरत हैं। इसके अलावा साक्षी महाराज अक्सर मुस्लिम कम्युनिटी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानों को लेकर भी चर्चाओं में रहते हैं।

बाबरी विध्वंस मामले में रहे आरोपी

12 जनवरी 1956 को कासगंज के साक्षी धाम में जन्मे साक्षी महाराज युवावस्था से ही धार्मिक कार्यों में लिप्त थे। कहा जाता है कि साक्षी महाराज यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र के काफी करीबी थे और उनकी अंगुली पकड़कर ही उन्होंने राजनीति में कदम रखा। साक्षी महाराज राम जन्मभूमि आंदोलन में भी सक्रिय रहे थे और 1992 में बाबरी विध्वंस मामले में एक आरोपी के रूप में उन पर मुकदमा भी चला था।

2024 के लिए बीजेपी ने फिर जताया भरोसा

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने साक्षी महाराज पर फिर से भरोसा जताया है। बीजेपी ने लगातार तीसरी बार साक्षी महाराज को यहां से टिकट दिया है। साक्षी महाराज अगर 2024 का चुनाव भी जीत जाते हैं तो वह उन्नाव सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने वाले दूसरे नेता होंगे। उनसे पहले बीजेपी के ही उम्मीदवार देवीबख्श सिंह इस सीट से लगातार तीन बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 1991, 1996 और 1998 का आम चुनाव जीता था।

साक्षी महाराज के कुछ विवादित बयान

  1. पार्टी के फायरब्रांड नेता साक्षी महाराज का विवादों से पुराना नाता रहा है। उनके बयान अक्सर मुस्लिम कम्युनिटी को लेकर ही होते हैं।
  2. सितंबर 2015 में साक्षी महाराज ने कहा था कि देश में मदरसे आतंकवादी बना रहे हैं। उन्होंने कहा था कि इन मदरसों में छात्रों को लव जिहाद के लिए तैयार किया जाता है।
  3. 11 दिसंबर 2014 को साक्षी महाराज ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त और राष्ट्रवादी बता दिया था। बाद में विवाद होने की वजह से उन्हें बयान वापस लेना पड़ा था।
  4. जनवरी 2015 में उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत में अगर हिंदू धर्म की रक्षा करनी है तो हर महिला कम से कम 4 बच्चे पैदा करे।
  5. इसके अलावा 2015 में साक्षी महाराज ने नेपाल में आए भूकंप के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी के केदारनाथ मंदिर जाने से ये भूकंप आया, क्योंकि राहुल गांधी गौमांस भी खाते हैं और खुद को शुद्ध किए बिना मंदिर जाते हैं।