छठ पूजा के चलते गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने 28 अक्टूबर यानी मंगलवार को भी नोएडा और गाजियाबाद के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है। सोमवार शाम को जिला प्रशासन का सर्कुलर सभी स्कूलों तक पहुंच गया और उसके बाद सभी स्कूलों ने सोशल मीडिया और नोटिस बोर्ड के जरिए अभिभावकों को मंगलवार की भी छुट्टी की जानकारी दे दी। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को पहले ही छठ पूजा की छुट्टी घोषित थी।
क्या कहा गया है सर्कुलर में?
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, 28 अक्टूबर (मंगलवार) को नोएडा और गाजियाबाद के सभी स्कूल (नर्सरी से 12वीं तक) बंद रहेंगे। सर्कुलर में कहा गया है, “छठ के महापर्व के लिए 28 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूल पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। जिला स्कूल इंस्पेक्टर इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें।”
दिल्ली में अभी छुट्टी नहीं हुई घोषित
दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए सोमवार, 27 अक्टूबर, 2025 को पब्लिक हॉलिडे घोषित किया था। साथ ही नोएडा और गाजियाबाद में भी सोमवार को सभी स्कूल बंद थे। मंगलवार के लिए नोएडा और गाजियाबाद में तो स्कूलों की छुट्टी घोषित हो गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दिल्ली सरकार की ओर से मंगलवार की छुट्टी को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई।
छठ का पर्व चार दिन का होता है। इसकी शुरुआत 25 अक्टूबर को ‘नहाय-खाय’ अनुष्ठान के साथ हुई थी और यह पूजा 28 अक्टूबर को संपन्न होगी। 28 अक्टूबर को इसी की वजह से स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
इन राज्यों में खराब मौसम की वजह से रहेगी स्कूलों की छुट्टी
28 अक्टूबर को यानी मंगलवार को cyclone Montha की वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश और ओडिशा प्रमुख हैं। इनके आसपास के राज्यों में भी इस चक्रवात की वजह से स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
ओडिशा सरकार ने अपने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है। खास तौर पर आठ दक्षिणी ज़िलों (मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़ा, गजपति, गंजम, कंधमाल, कालाहांडी) में बहुत अधिक बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में रेड जोन अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं आंध्र प्रदेश में काकीनाडा, ईस्ट गोदावरी, कोनासीमा, एलुरु और वेस्ट गोदावरी जैसे जिलों में स्कूल, कॉलेज और दूसरे एजुकेशनल इंस्टिट्यूट को 27 अक्टूबर (कुछ मामलों में) से 31 अक्टूबर तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसी तरह, काकीनाडा जिले में भी स्कूल 27-31 अक्टूबर तक बंद कर दिए गए हैं।
