Vikas Dubey Encounter: शुरू में ही यह बात सामने आई थी कि विकास दुबे एक वक्त अलग-अलग राजनीतिक दलों का चहेता भी रहा है। यह बात सामने आई है कि करीब 25 साल तक गैंगस्टर विकास दुबे प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ रहा। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विकास 15 साल बसपा के, 5 साल बीजेपी के साथ और 5 साल सपा के साथ रहा था। पंचायत चुनाव के दौरान उसे बसपा से समर्थन मिला, जबकि उसकी पत्नी को सपा का समर्थन मिला था। बसपा सरकार के दौरान ही विकास दुबे ने बिल्हौर, शिवराजपुर, रनियां, चौबेपुर के साथ ही कानपुर नगर में अपना रसूख कायम किया था। इस दौरान शातिर अपराधी विकास दुबे ने कई जमीनों पर अवैध कब्जे भी किए। जेल में बंद रहते हुए हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने शिवराजपुर से नगर पंचयात चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।
…जब बसपा का मिला साथ: विकास दुबे और उसके गुर्गों द्वारा 8 पुलिसवालों की हत्या किये जाने के बाद पुलिस उसे कई दिनों तक तलाशती रही। इस बीच विकास दुबे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो साल 2006 का था। इस वीडियो में विकास दुबे कहता है कि उसे सियासत में लाने का श्रेय पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरिकिशन श्रीवास्तव को जाता है। वीडियो में विकास दुबे कथित तौर से हरिकिशन श्रीवास्तव को अपना गुरु भी बताता है।
आपको बता दें कि हरिकिशन श्रीवास्तव कानपुर के चौबेपुर विधानसभा सीट से 4 बार विधायक रह चुके हैं। वह बसपा सरकार में विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं। हालांकि, वे पहली बार विधायक जनता पार्टी से बने और बाद में जनता दल और फिर बसपा का दामन थामा। हरिकिशन श्रीवास्तव के खिलाफ भाजपा ने साल 1996 में संतोष शुक्ला को खड़ा किया था लेकिन विकास ने संतोष शुक्ला की साल 2001 में हत्या कर दी थी।
भाजपा से रहा विकास दुबे का कनेक्शन: सोशल मीडिया पर विकास दुबे का साल 2017 का भी एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में विकास दुबे ने कथित तौर से बिल्हौर से बीजेपी विधायक भगवती प्रसाद सागर और बिठूर से बीजेपी विधायक अभिजीत सांगा का नाम लिया था। इसके अलावा विकास ने विकास ने कहा था कि इन नेताओं से उसके राजनीतिक संबंध हैं।
सपा का बना चहेता: सोशल मीडिया पर हाल ही में विकास दुबे की एक तस्वीर वायरल हुई थी। इस तस्वीर में वो कथित तौर से सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिव कुमार बेरिया के साथ नजर आ रहा था। हालांकि जनसत्ता डॉट कॉम इस तस्वीर औऱ उसके अन्य किसी भी राजनीतिक वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। एक तस्वीर में विकास दुबे समाजवादी पार्टी के विधायक रह चुके सतीश निगम के साथ भी नजर आय़ा था।
विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे इस वक्त घिमऊ से जिला पंचायत सदस्य है। कहा जाता है कि उसे चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी का समर्थन भी मिल चुका है। ऐसे में विकास दुबे और समाजवादी पार्टी के बीच के रिश्तों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या विकास दुबे के एनकाउंटर के साथ ही दफन कर दी गईं UP के कई सफेदपोशों की काली कहानियां?