केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्राइवेट सेक्रेटरी बन इस शख्स ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को फोन लगा दिया। अक्सर अपनी पहचान छिपाकर अफसरों पर रौब जमाने वाला एक वांछित ठग अब पुलिस की गिरफ्त में है। इस ठग पर करीब 12 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं और कई थानों की पुलिस उसे तलाश रही थी।
मध्य प्रदेश के इंदौर से क्राइम ब्रांच ने अभिषेक द्विवेदी नाम के एक शख्स को पकड़ा है। अभिषेक मूल रूप से रीवा का रहने वाला है। अभिषेक को पंढरीनाथ इलाके की एक होटल से पकड़ा गया है।
अभिषेक के बारे में पता चला है कि वो एक शातिर अपराधी है। उसपर 10-12 अपराध के मामले दर्ज हैं। इनमें से 2-3 मामलों में वो वांटेड भी है। अभिषेक पर आऱोप है कि वो किसी नेता या अफसर का निजी सेक्रेटरी बन अक्सर बड़े अधिकारियों को फोन कर अपना काम निकलवाता था।
कई सालों से अभिषेक इसी तरह लोगों को झांसे में लेकर अपना काम निकाल रहा था। लेकिन इस बार उसकी एक गलती उसपर भारी पड़ गई और वो धरा गया। दरअसल अभिषेक ने इस बार केंद्रीय मंत्री अमित शाह का निजी सचिव बनकर नितिन गडकरी को सीधे फोन कर दिया। उसन नितिन गडकरी को मध्य प्रदेश के 2 आरटीओ अधिकारियों के तबादले का निर्देश भी सुनाया।
केंद्रीय मंत्री को फोन करने का यह मामला दिल्ली पुलिस के संज्ञान में आय़ा तो क्राइम ब्रांच की टीम इस मामले की जांच में जुट गई। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम अभिषेक का लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई थी। टीम को अभिषेक का लोकेशन इंदौर में मिला। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने इंदौर पुलिस से संपर्क कर अभिषेक को पकड़ लिया।
अब पुलिस इस ठग से यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने इससे पहले और कितने लोगों को इस तरह फोन कर ठगा है। पुलिस अभिषेक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।