Digvijay Singh File Complain Against Shivraj Singh Chauhan: कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दिग्विज सिंह ने आरोप लगाया है कि एमपी के सीएम ने 16 मई को राहुल गांधी का एक एडिटेड वीडियो शेयर किया था और इस वीडियो के जरिए उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की गई है।

दरअसल दिग्विजय सिंह एक साल से ज्यादा पुराने 16 मई 2019 के उस वीडियो का हवाला दे रहे हैं, जिसमें शिवराज ने राहुल गांधी का एक एडिटेड वीडियो शेयर किया था। वीडियो शेयर करते हुए शिवराज ने कहा था- ‘अरे यह क्या? राहुलजी भाषण में ही सही, समय पर किसान कर्ज माफी ना करने पर आखिरकार आपने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बदल ही दिए। क्या बात है, आप ऐसे महान व्यक्ति हैं, जो बड़े काम चुटकी में कर सकते हैं।’

आपको बता दें कि अभी हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है थी। बीजेपी नेताओं की ओर से शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। भोपाल में क्राइम ब्रांच ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित बारह लोगों पर फ़र्ज़ी वीडियो बनाकर उसे प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

बीजेपी का आरोप है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के 21 जनवरी 2020 के एक वीडियो में छेड़छाड कर उसे छोटा कर दिग्विजय सिंह के ट्विटर हैंडल से जारी किया गया था जिसे बाद में हटा लिया गया था। इस वीडियो में शिवराज सिंह चौहान कथित तौर से कह रहे हैं की ‘ख़ूब शराब पिलाओ की लोग पड़े रहें।’ इस वीडियो को retweet करने वाले 11 लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

एक दिलचस्प बात यह भी है कि वीडियो ट्वीटर पर शेयर करने में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार सुबह उसी क्राइम ब्रांच थाने में समर्थकों के साथ पहुंचे, जहां उनके खिलाफ दो दिन पहले एफआईआर हुई थी। दिग्विजय ने राहुल गांधी के एडिटेड वीडियो को शेयर करने को आधार बनाकर शिवराज सिंह के खिलाफ शिकायत की।

दिग्विजय सिंह का कहना था कि अगर मेरे खिलाफ एफआईआर हुई है, तो शिवराज के खिलाफ भी मामला दर्ज होना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार सुबह करीब पौने 11 बजे समर्थकों के साथ एमपी नगर स्थित क्राइम ब्रांच थाने पहुंचे थे। बहरहाल अब यहां क्राइम ब्रांच की टीम दोनों मामलों की जांच कर रही है।