पुणे शहर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक भारतीय सेना अधिकारी ने अपनी पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाया है। आर्मी ऑफिसर ने उत्तम नगर थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह उसके साथ झगड़ा कर मारपीट करती थी।
इतना ही नहीं वह उसे कमरे में बंद कर देती थी और उसे ड्यूटी पर नहीं जाने देती थी। वह चाहती थी कि उसकी नौकरी चली जाए और उस पर कोर्ट मार्शल हो जाए। ऑफिसर ने अपने सास-ससुर पर भी झगड़ा करने और मारपीट का आरोप लगाया है। फिलहाल पुणे पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मेजर को जबरदस्ती घर में बंद कर देती थी पत्नी
उत्तम नगर पुलिस थाने में मेजर द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, उसे जबरदस्ती घर में बंद कर दिया गया। घटना दिसंबर 2022 की है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि 34 साल का पीड़ित इस समय पुणे में डिफेंस से जुड़े हुए हैं। वे भारतीय सेना के आवासीय क्वार्टर में रहते हैं।
काम पर नहीं जाने देती थी पत्नी
हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, आर्मी ऑफिसर पत्नी और सास-ससुर के साथ रहते हैं। उनका कहना है कि पत्नी और सास-ससुर ने उनकी पिटाई की और काम पर नहीं जाने दिया। अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी और सास-ससुर ने धमकी दी है कि उनकी नौकरी चली जाए और कोर्ट मार्शल हो जाए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फिलहाल पुलिस ने मेजर की पत्नी और ससुराल वालों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 342 (गलत कारावास), 352 (किसी भी व्यक्ति पर हमला या आपराधिक बल), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 504 (जानबूझकर अपमान), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा की जांच जारी है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।