Double Murder In Badaun: यूपी के बदायूं से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर सैलून मालिकों ने दो मासूमों की उस्तरे से गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं, तीसरा बच्चा उनके चंगुल से भागने में सफल रहा। इस खौफनाक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने इलाके में नाई की दुकान में तोड़फोड़ कर दी और पुलिस चौकी के सामने आगजनी की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है। आरोपी दूसरे समुदाय के हैं।

बाबा कॉलोनी में विनोद कुमार और उनकी पत्नी संगीता रहती है। संगीता का अपने घर के नीचे ही पार्लर है। वह अपने तीन बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। वहीं, जावेद और साजिद सामने सैलून की शॉप चलाते हैं। इन दोनों का झगड़ा विनोद के परिवार से अक्सर होता रहता था।

आरोपियों ने तीनों बेटों पर किया हमला

पड़ोस के लोगों ने कहा कि मंगलवार शाम के समय साजिद और जावेद विनोद के घर पर पहुंचे और सीधे दूसरी मंजिल पर विनोद के तीनों बेटों पर उस्तरे से हमला कर दिया। इसमें विनोद के दो बच्चों आयुष और हनी की मौत हो गई। वहीं, पीयूष मामूली रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के दौरान मां संगीता पार्लर में थी। चीख-पुकार मचने के बाद लोग ऊपर पहुंचे। इतने में आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

मुख्य आरोपी का हुआ एनकाउंटर

इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। लोगों की भीड़ ने पुलिस को शव कब्जे में नहीं लेने दिया। स्थिति बेकाबू होते देख मौके पर डीएम और एसपी समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई। लोगों ने कई जगहों पर ट्रैफिक भी जाम कर दिया। यही नहीं सैलून वाले की दुकान से सामान निकालकर लोगों ने आग लगा दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया और मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

डीएम मनोज कुमार ने दी जानकारी

मंडी समिति चौकी के पास बाबा कॉलोनी में दो बच्चों की हत्या के मामले पर बदायूं डीएम मनोज कुमार ने कहा कि हमें आज शाम सूचना मिली कि एक आदमी ने एक घर में घुसकर 11 और 6 साल के दो छोटे बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों से शांति बनाए रखने को कहा गया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है कार्रवाई जारी है।