दिल्ली के अलीपुर में टिल्लू ताजपुरिया के गुर्गों ने मीट व्यापारी पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की। व्यापारी ने कार से भागने की कोशिश की मगर शूटरों ने उसका पीछा किया और फिर गोली मारी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, दिल्ली के अलीपुर इलाके में मीट की दुकान के मालिक पर गोली चलाने के आरोप में टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बख्तावरपुर निवासी रोहित (24), बकौली निवासी सिद्धार्थ (19) और हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी कुणाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात 9 बजकर 34 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक कॉल आई जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया कि चार लोगों ने उसके पति विकास पर गोली चला दी है। घटना तब हुई जब विकास बकौली गांव में अपनी मीट की दुकान के सामने कार में बैठा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के चार सदस्य वहां पहुंचे और उनमें से सिद्धार्थ, रोहित तथा कुणाल ने उस पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
उन्होंने आगे कहा कि बाईं जांघ में गोली लगने से विकास घायल हो गया। उन्होंने आगे बताया कि विकास ने अपनी कार से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बख्तावरपुर में छिपे हैं। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची तो रोहित ने गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) रवि कुमार सिंह ने बताया कि गोलीबारी में आरोपी घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद मोहित को भी काबू कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सिद्धार्थ नामक आरोपी को जांटी टोल के पास खेतों से गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, दो कारतूस, दो खोखे, अपराध में इस्तेमाल की गई कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, रोहित चार और मोहित तथा सिद्धार्थ दो-दो आपराधिक मामलों में संलिप्त थे। फिलहाल, आरोपी कुणाल फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।