बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव में होली के मौके पर डीजे बजाने को लेकर कुछ लोगों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने गीत पर आपत्ति करते हुए डीजे बंद करने को कहा, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग ऐसा करने को तैयार नहीं थे। विवाद बढ़ा तो एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक को गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में तनाव है। सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है।

गांव में मंगलवार की रात होली के जश्न में कुछ लोग डांस कर रहे थे। इस दौरान डीजे पर देशभक्ति गीत बज रहा था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और गीत पर आपत्ति जताते हुए डीजे बंद करने को कहा। नहीं मानने पर वे लोग उत्तेजित हो गए और एक घर में घुसकर विष्णुदेव मंडल (30) को गोली मार दी। उसकी वहीं पर मौत हो गई। हमलावर और उसके साथी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पत्थर भी फेंके। सूचना पर एसएसपी आशीष भारती पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान पर कुछ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भागलपुर मर्डर, होली
घटनास्थल पर मौजूद जिलाधिकारी प्रणब कुमार, एसएसपी आशीष भारती और एसडीओ आशीष नारायण (फोटो-स्थानीय)।

जिलाधिकारी प्रणब कुमार के मुताबिक फिलहाल वहां पर शांति है। मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में वहां पर पुलिस बल की तैनाती है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में मुख्य आरोपी की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक विष्णुदेव मंडल गुजरात में काम करता था। वह होली के मौके पर अपने घर आया था। घटना के वक्त वह अपने घर में ही डीजे पर देशभक्ति गीत बजा रहा था।