Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार की आज यानी 28 जुलाई 2025 (सोमवार) को गिरावट के साथ शुरूआत हुई। आज दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty दोनों लाल रंग के निशान पर खुले। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 163.12 अंक की गिरावट के साथ 81,299.97 अंक पर जबकि निफ्टी50 भी गिरावट के साथ 24,782.45 अंक पर खुला।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में करीब 7% की गिरावट आई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) के शेयर नुकसान में रहे। वहीं टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर लाभ में रहे।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.29% की बढ़त के साथ 68.64 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,979.96 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
‘नोटों से खतरा है सावधान रहें…’ रॉबर्ट कियोसाकी की डराने वाली चेतावनी, नकद पैसे को बताया खतरा
शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था भारतीय शेयर बाजार
शुक्रवार, 25 जुलाई 2025 को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.88% यानी 721.08 अंक की गिरावट के साथ 81,463.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 0.90% यानी 225.10 अंक की गिरावट के साथ 24,837 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। शुक्रवार को एनएसई पर 3,025 शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 588 शेयर तेजी, 2,352 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा, 85 शेयरों के रेट में कोई अंतर नहीं आया।
[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]