Priyanka Gandhi Net Worth, Properties, Assets: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज (23 अक्टूबर) केरल के वायनाड से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हैं। आज उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी और अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की साझा संपत्ति की जानकारी दी। प्रियंका गांधी और उनके पति के पास कुल मिलाकर 77.55 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।
एफिडेविट में दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रियंका गांधी के पास कुल 4.25 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास फिलहाल 52000 रुपये कैश हैं। जबकि उनके तीन बैंक अकाउंट में 3.67 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने म्यूचुअल फंड में कुल 2.25 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। प्रियंका गांधी ने अपने पास 1.45 करोड़ रुपये के सोने व चांदी के गहने होने की भी जानकारी दी है।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने 7.74 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति की घोषणा भी की है। उन्हें 4 एकड़ की जमीन नई दिल्ली में विरासत में मिली है जिसमें उनके भाई राहुल गांधी भी हिस्सेदार हैं। इसके अलावा, हमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भी उनके पास 5.64 करोड़ रुपये की एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग है।
प्रियंका गांधी ने अपने नाम पर कुल 11.99 करोड़ की संपत्ति की जानकारी हलफनामे में दी है। जबकि उनके पर 15.75 लाख रुपये का कर्ज भी है।
प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा के पास कितनी संपत्ति?
प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के पास कुल 37.92 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास कुल 2.18 लाख रुपये कैश हैं। वहीं उनके पास कुल 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वाड्रा कुल 65.56 करोड़ रुपये की धन-दौलत के मालिक हैं। उनके पास गुरुग्राम और नोएडा में कुल 4 कमर्शियल प्रॉपर्टीज हैं। जबकि उनके ऊपर 10.03 लाख रुपये की देनदारी है।
गौर करने वाली बात है कि प्रियंका गांधी ने अपने बच्चों की किसी संपत्ति या देनदारी की घोषणा नहीं की है।
भाई राहुल गांधी कितने अमीर?
प्रियंका गांधी के भाई राहुल गांधी ने हाल ही में मई 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में अपनी संपत्ति की घोषणा की थी। राहुल गांधी के पास कुल 20.4 करोड़ रुपये की संपत्ति है। जिसमें 9.25 करोड़ चल और 11.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
प्रियंका गांधी की आय का मुख्य सोर्स
प्रियंका गांधी की आय का मुख्य सोर्स
प्रियंका गांधी ने अपने हलफनामे में अपनी इनकम का मुख्य सोर्स किराया, बैंक से मिलने वाले ब्याज और निवेश से होने वाली आय बताई है। वहीं उनके पति रॉबर्ट वाड्रा को भी किराए, बिजनेस और अलग-अलग इन्वेस्टमेंट से सबसे ज्यादा इनकम होती है।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने साल 2012-13 में प्रियंका गांधी के खिलाफ पुनर्मूल्यांकन कार्यवाही (reassessment proceedings) शुरू की गई और 2019 में एक आदेश पारित करते हुए उनसे 15.75 लाख रुपये की मांग की थी। इस आदेश को Central Administrative Tribunal (CAT) के समक्ष उठाया गया था और CAT के आदेश के मुताबिक कुल 20 प्रतिशत यानी 3.15 लाख रुपये टैक्स जमा कराया गया था। हालाँकि, बाद के वर्षों के रिफंड को भी 7.97 लाख रुपये की सीमा तक एडजस्ट किया जाता रहा है, जिससे कुल बकाया 11.12 लाख रुपये पहुंच गया है। फिलहाल यह अपील CAT के समक्ष लंबित है।
सबसे कम और ज्यादा इनकम कब?
प्रियंका गांधी ने एसेसमेंट ईयर 2023-24 में उन्होंने अपने I-T रिटर्न में कुल 46.39 लाख रुपये आय दिखाई है। पिछले पांच सालों में साल 2019-20 में उनकी आय सबसे ज्यादा 69.32 लाख रुपये रही और 2020-21 में सबसे कम 19.89 लाख रुपये रही।
आईटी रिटर्न के अनुसार, वाड्रा ने 2023-24 में अपनी कुल आय 15.09 लाख रुपये दिखाई है। 2019-20 में उनकी कुल आय 55.58 लाख रुपये थी, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक थी। सबसे कम आय 2021-22 में 9.04 लाख रुपये दिखाई गई।
प्रियंका ने 2019, 2022 और 2023 की तीन लंबित एफआईआर की भी घोषणा की है, जिसमें आईपीसी की धारा 420, 469, 188, 269 और 270 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9 और 15 शामिल हैं।