सचिन तेंदुलकर के बेटे और क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर की सगाई हो गई है। बुधवार को मुंबई में आयोजित एक निजी समारोह में घर और परिवार के लोगों के बीच अर्जुन ने सानिया चंडोक से सगाई की। सानिया चंडोक कई लोगों के लिए नया नाम जरूर हो सकता है, लेकिन वह जिस परिवार से ताल्लुक रखती हैं वह भारत के व्यावसायिक क्षेत्र में लंबे समय से अपना योगदान देता आ रहा है। दरअसल, सानिया चंडोक मशहूर बिजनेसमैन रवि घई की नातिन और सनी चंडोक की बेटी हैं।

घई परिवार का क्या है बिजनेस?

सानिया के नाना का हॉस्पिटैलिटी और फूड वर्ल्ड का खानदानी बिजनेस है। यह बिजनेस Graviss Group के नाम से संचालित होता है। इसके अलावा यह परिवार फेमस आइसक्रीम ब्रांड ब्रूकलिन क्रीमरी का भी मालिक है।

घई परिवार एक प्रसिद्ध होटल समूह ‘इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप’ का संचालन भी करता है। इस होटल समूह की मल्टीनेशनल वैल्यू 18.43 बिलियन डॉलर (1.6 लाख करोड़ रुपए) है।

भारत के 10 सबसे रईस परिवार कौन हैं? देश की GDP की 1/12 है अंबानी की दौलत, जानें लिस्ट में किसकी हुई सरप्राइज एंट्री

सानिया क्या करती हैं?

अर्जुन तेंदुलकर की मंगेतर सानिया चंडोक भी बिजनेस से ही जुड़ी हुई हैं। लाइमलाइट से दूर रहने वालीं सानिया मुंबई में ही मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी (Mr. Paws Pet Spa & Store LLP) की पार्टनर और डायरेक्टर हैं। इसकी शुरुआत 2022 में महज एक लाख रुपए की पूंजी से हुई थी।

मिस्टर पॉज एक पेट-केयर स्पा और स्टोर है, जो मुंबई में स्थित है। यह पशुओं की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और इससे संबंधित प्रोडक्ट्स की सेवाएं देता है। कंपनी की अधिकृत पूंजी 2.23 करोड़ की है और पेड अप कैपिटल 90,100 करोड़ रुपए है। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के रिकॉर्ड बताते हैं कि सानिया की कंपनी की अधिकृत पूंजी 0.10 मिलियन रुपए है।

सानिया चंडोक की फैमिली नेट वर्थ कितनी है?

सानिया के परिवार में हर कोई कारोबारी है। नाना रवि घई ग्रेविस हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड के चेयरमैन हैं, उनके पिता इकबाल किशन घई देश में क्वालिटी आइसक्रीम ब्रांड लेकर आए थे। उन्होंने ही मुंबई के मरीन ड्राइव में इंटरकॉन्टिनेंटल होटल बनवाया था। आइसक्रीम ब्रांड ब्रुकलिन क्रीमरी का टर्नओवर सार्वजनिक नहीं है, लेकिन मूल कंपनी ग्रेविस फ़ूड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 23-24 के लिए 624 करोड़ का टर्न ओवर हासिल किया था जो कि पिछले साल की तुलना में 20 फीसदी अधिक है।