देश में त्योहारों का सीजन चल रहा है। इस बीच छठ महापर्व की शुरुआत होने वाली है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल, बिहार और झारखंड में दिवाली से भी ज्यादा बड़े स्तर पर छठ महापर्व को मनाया जाता है। इस बीच अन्य बड़े शहरों में रह रहे लोग छठ पर अपने घर और गांव जाते हैं। सरकार की ओर से छठ पर्व पर स्पेशल ट्रेनें और बसें भी चलाई जाती हैं लेकिन सभी जगहों पर बुकिंग फुल चल रही है।
ऐसे में कई लोग फ्लाइट से जाने का ऑप्शन देखते हैं। लेकिन अहम बात यह है कि फ्लाइट का किराया दुबई जाने के टिकट से भी महंगा हो गया है। अगर आप छठ महापर्व पर बिहार जाना चाहते हैं तो आपको अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ सकती है।
दुबई से महंगा पटना का फ्लाइट टिकट
जो लोग फ्लाइट से मुंबई से पटना जाना चाहते हैं, उन्हें टिकट के लिए करीब 15 हजार रुपये चुकाने पड़ेंगे जबकि मुंबई से दरभंगा का फ्लाइट टिकट 18 हजार रुपये का है। इस बीच मुंबई से दुबई 5 नवंबर को जाने के लिए करीब 12 हजार रुपये चुकाने पड़ेंगे। ऐसे में आपको अगर मुंबई से बिहार जाना है तो फ्लाइट टिकट के लिए दुबई के टिकट से अधिक राशि चुकानी पड़ेगी।
जो लोग फ्लाइट से दिल्ली से पटना 5 नवंबर को जाना चाहते हैं उन्हें फ्लाइट टिकट के लिए 12 हजार रुपये चुकाने पड़ेंगे। वहीं दिल्ली से दरभंगा का फ्लाइट टिकट भी 12 हजार रुपये का है। जबकि दिल्ली से दुबई का टिकट 5 नवंबर को करीब 13 हजार रुपये का है।
इसके अलावा सूरत, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों से भी बिहार जाने वाली फ्लाइटों का किराया काफी बढ़ चुका है। आमतौर पर हमेशा ऐसा देखा जाता है कि त्योहारों के मौसम में फ्लाइट के टिकट का रेट बढ़ता है। हालांकि प्राइवेट बसों ने भी अपना किराया बढ़ा दिया है। दिल्ली से बिहार जाने वाली रूटों पर बसों का किराया 100 फीसदी तक बढ़ गया है।