योगी आदित्यनाथ सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में स्वतंत्र देव सिंह से एक महिला चौकी इंचार्ज की शिकायत कर रही है। उसकी बात ध्यान से सुनने के बजाय स्वतंत्र देव सिंह कुछ खाते हुए आगे बढ़ गए। इस वीडियो को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है।
सामने आया ऐसा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्वतंत्र देव सिंह बाहर निकल रहे हैं, इस दौरान एक महिला उन्हें कागज पकड़ाते हुए कहती है कि चौकी इंचार्ज बहुत परेशान कर रहा है। वह 15 साल की लड़की मांग रहा है, मैं 15 साल की लड़की कहां से लेकर आऊं। महिला की बात सुनते ही स्वतंत्र देव सिंह उसके पर्चे को किसी और को पकड़ाकर कुछ खाते हुए आगे बढ़ जाते हैं। जब वह अपनी कार में बैठने लगते हैं तो महिला उन्हें रोककर अपनी बात बताना चाहती है लेकिन मंत्री निकल जाते हैं।
कांग्रेस ने बोला हमला
यूपी कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा गया कि महिला ने मंत्री जी से शिकायत की। चौकी इंचार्ज 15 साल की लड़की मांग रहा है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जी को गुस्सा आना तो दूर उन्होंने ना संज्ञान लिया, ना ही बात की। आराम से मुंह में काजू डालते हुए निकल गए, ऊपर से उनके पास खड़े लोग महिला का दुखड़ा सुनकर दांत दिखाते रहे। कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने पूछा कि इससे शर्मनाक क्या होगा? कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा – चेहरे पर शिकन तक नहीं आई, किस मिट्टी से बने हैं यह भाजपाई।
सपा नेताओं ने किया कटाक्ष
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने इस वीडियो को शेयर कर कमेंट किया कि मंत्री जी, शिकायत बहुत ही गंभीर है सुन लीजिए, चना का स्वाद बाद में ले लेना मंत्री जी। सपा नेत्री जूही सिंह ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘महिलाओं के प्रति अपनी संवेदनहीनता क्या किसी प्रतिनिधि को शोभा देती है? क्या सत्ता और कुर्सी इतनी कठोर और निर्मम कर देती है। या यही वास्तविक चरित्र है बाकी सब मुखौटा।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
पत्रकार संजय त्रिपाठी ने वीडियो पर कमेंट किया, ‘शिकायत कितनी ही गम्भीर क्यों न हो, शिकायतकर्ता उसे लेकर कितनी पीड़ा झेल रही हो, मगर मंत्री जी जिस गम्भीरता से सुनवाई कर रहे हैं, वो देखने लायक़ है। बाक़ी चने के स्वाद के तो क्या कहने।’ विनोद कुमार नाम के यूजर द्वारा लिखा गया कि संवेदनशील होंगे तब तो कुछ सुनाई देगा। प्रखर तिवारी नाम के एक यूजर ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को टैग करते हुए पूछा कि क्या इस पर भी जवाब देंगी।