रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वक्त भारत दौरे पर हैं। रूसी राष्ट्रपति गुरुवार (04 दिसंबर 2025) को अपने दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको रिसीव किया था। पुतिन का भारत दौरा पूरी दुनिया में इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है और इसकी एक वजह ये भी है कि भारत आने से पहले पुतिन ने एक भारतीय न्यूज चैनल को मॉस्को में इंटरव्यू दिया। 100 मिनट से अधिक की अवधि वाले इस इंटरव्यू की चर्चा दुनिया भर में हो रही है क्योंकि उस इंटरव्यू में पुतिन ने कई वैश्विक समस्याओं का जिक्र किया। इन सबके बीच राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक पुराना क्लिप काफी वायरल हो रहा है जिसमें वह एक महिला न्यूज एंकर को रूसी राष्ट्रगान के दौरान बात नहीं करने के लिए बोलते हैं। यह वीडियो लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
वियतनाम के इस लड़के ने गुजराती में कहा कुछ ऐसा जो किसी ने सोचा न था, इंटरनेट पर धमाल मचा रहा वीडियो
22 सेकंड के वायरल क्लिप ने जीता लोगों का दिल
दरअसल, व्लादिमीर पुतिन को एक सच्चे देशभक्त और रूस की सेना के प्रति समर्पण भाव वाला व्यक्ति माना जाता है। उनके इस अंदाज को लोग पसंद करते हैं। यह वीडियो भी कुछ ऐसा ही दर्शाता है। 22 सेकंड के इस वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि गैज़प्रोम नेफ्ट के मैनेजमेंट बोर्ड की मेंबर एलेना इलुखिना पुतिन का इंटरव्यू कर रही हैं। इसी इंटरव्यू के दौरान रूस का राष्ट्रगान बजता है। राष्ट्रगान बजते ही पुतिन तो सावधान की मुद्रा में खड़े हो जाते हैं, लेकिन एलेना उनसे बातचीत जारी रखती हैं तभी पुतिन एंकर को चुप रहने के लिए बोल देते हैं। इसके बाद एलेना भी सावधान की मुद्रा में खड़ी हो जाती हैं।
जून 2023 का है वायरल वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो जून 2023 का है। सेंट पीटर्सबर्ग में झंडा फहराने के समारोह में यह राष्ट्रगान बजा था। तभी यह मूमेंट कैमरे में कैद हो गया था। यह वीडियो अब पुतिन के भारत दौरे के समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को @Sheetal2242 (Sheetal Yadav) नाम की यूजर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- रूसी राष्ट्रपति का एक इंटरव्यू चल रहा था तभी वहां “राष्ट्रगान” बजने लगता है। राष्ट्रगान सुनते ही वो सावधान मुद्रा में आ जाते हैं और न्यूज एंकर को भी ऐसा करने के लिए बोलते हैं। व्लादिमीर पुतिन सच में कमाल नेता है।”
वीडियो पर यूजर्स का रिएक्शन
वायरल वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रिया भी कमाल की देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने इस वीडियो की तुलना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कर दी है। यूजर ने लिखा है- हमारे यहां नीतीश कुमार राष्ट्रगान पर अभिवादन करते हुए मिलते हैं वो भी हाथ मिलाकर। एक और अन्य यूजर ने लिखा है- कई भारतीय नेता तो राष्ट्रगान के समय चलते रहते हैं।
