राजस्थान सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राजेंद्र गुढ़ा माता सीता को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस का चरित्र कह दिया है।
क्या बोले राजस्थान सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा?
वायरल वीडियो में एक सभा को संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार में मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा ने कहा कि ‘श्री राम और रावण जैसे अद्भुत लोग सीता माता के पीछे पागल थे तो निश्चित रूप से वो सुंदर थी। आज आपके भाई के पीछे अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों लगे हुए हैं तो आपके भाई में कुछ तो क्वालिटी होगी ना?’
केंद्रीय मंत्री ने किया पलटवार
राजेंद्र गुढ़ा के बयान पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा, ‘हिंदुओं की हंसी उड़ाने और अपने वोट बैंक की चमचाई करने के लिए कितना नीचे गिरेंगे ये कांग्रेसी? भारत की आस्था प्रभु श्रीराम को पागल बताते हुए राजस्थान सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को स्वयं के अस्तित्व पर शर्म नहीं आई? यह जानबूझकर दिया गया बयान है। ऐसे ही बयानों की वजह से आज कांग्रेस की स्थिति “शूर्पणखा” जैसी है। रावण की बहन के साथ क्या हुआ था! गहलोत जी के ख़ास मंत्री को ये पता तो होगा।’
भाजपा प्रवक्ता ने ऐसे बोला हमला
वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘यह चौंकाने वाला और बिल्कुल अस्वीकार्य है। अशोक गहलोत के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का कहना है कि प्रभु राम मां सीता की सुंदरता के पीछे पागल थे। ये मां सीता और प्रभु राम पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। यह कांग्रेस का सच्चा हिंदू विरोधी चेहरा है।’ उन्होंने आगे लिखा कि ‘श्री राम के अस्तित्व को नकारा, राम मंदिर का विरोध किया, गीता प्रेस का भी विरोध किया, अब प्रभु राम और मां सीता का अपमान किया। कांग्रेस को इस आदमी को बर्खास्त करना चाहिए।’
10 जुलाई को झुंझनू में गुढ़ागौड़जी राजेंद्र गुढ़ा ने एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने माता-सीता और भगवान राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। राजेंद्र गुढ़ा के इस बयान के बाद भाजपा भड़क गई है और आम लोग भी सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी का विरोध कर रहे हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से भी इस बयान पर खूब विवाद हो रहा है।