एक नाइजीरियाई शेफ ने सबसे अधिक समय तक नॉन-स्टॉप कुकिंग मैराथन के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की कोशिश की है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2019 में लंदन स्थित भारतीय शेफ लता टंडन द्वारा बनाया गया था जो 87 घंटे और 45 मिनट तक खाना बनाकर रिकॉर्ड बनाया था। अब नाइजीरियाई महिला शेफ हिल्डा बेसी ने इस रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश की है, हालांकि वह अभी भी फाइनल रिजल्ट का इंतजार कर रही हैं।

100 घंटे तक लगातार बनाया खाना!

नाइजीरियाई महिला शेफ हिल्डा बेसी ने 100 घंटे तक लगातार खाना बनाने का दावा किया है, जानकारी के मुताबिक, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज किये जाने के लिए अभी भी इस दावे की जांच चल रही है। नाइजीरिया के लागोस राज्य के लेक्की में एक कार्यक्रम आयोजन किया गया था, जहां अमोरे गार्डन में हिल्डा बेसी ने कथित तौर पर चार दिनों तक खाना बनाया।

एक सहायक के साथ रिकॉर्ड बनाने की कोशिश

हालांकि हिल्डा बेसी रिकॉर्ड बनाने के लिए खाना बना रही थीं और व्यंजन तैयार कर रही थीं, वहीं उनके समर्थक और मशहूर हस्तियां कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित होकर उनका उत्साह बढ़ा रहे थे। बेसी को हर घंटे में पांच मिनट का ब्रेक लेने और खाना बनाते समय एक सहायक से मदद लेने की अनुमति थी। कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टर भी मौजूद था जो हिल्डा बेसी के स्वास्थय पर नजर रखे हुए था।

27 वर्षीय शेफ ने 11 मई को शाम 4 बजे रिकॉर्ड तोड़ने के लिए खाना पकाने की शुरुआत की और चार दिन लगातार खाना बनाना जारी रखा। खाना बनाने की शुरुआत, समर्थन के लिए उमड़ी भीड़, चुनौतियों और खुशी के माहौल का एक वीडियो शेयर किया है जिसे साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है। मिलियन में इस वीडियो को व्यूज मिल चुके हैं।

इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय महिला शेफ लता टंडन के पास था, जो मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली हैं। उन्होंने लगातार 72 घंटे तक खाना बनाकर यह खिताब अपने नाम किया था। लता से पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के रिकी लुम्पकिन के पास था, जिन्होंने 68 घंटे 30 मिनट और एक सेकंड का रिकॉर्ड बनाया था। अब हिल्डा बेसी द्वारा लता के रिकॉर्ड को तोड़ने का दावा किया जा रहा है, पूरी दुनिया में इससे जुड़े लोगों में हिल्डा की चर्चा हो रही है।