महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया है। विमान हादसे में सवार अन्य लोगों की भी मौत की सूचना है। देश भर में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी कर दी गई है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर अजित पवार की आख़िरी पोस्ट भी वायरल हो रही है।

अपनी आखिरी पोस्ट में अजित पवार ने लाला लाजपत राय को याद किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर एक पोस्ट लिखी थी। उन्होंने मराठी में लिखा था कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, स्वराज्य के उद्योगपति ‘पंजाब केसरी’ लाला लाजपत राय जी को जयंती पर विनम्र अभिवादन। उनका राष्ट्रप्रेम हम सभी को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

अब जब अजित पवार इस दुनिया में नहीं रहे, उनकी इस पोस्ट को भी लगातार शेयर किया जा रहा है। वैसे जिस विमान में अजित पवार सवार थे, उसे लेकर भी जानकारी सामने आई है। आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक अजित पवार VSR ऑपरेटर के लियरजेट-45 प्लेन में सवार थे। उस विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था। हादसे के वक्त विमान में पांच लोग सवार थे।

इस विमान की क्षमता आमतौर पर 6 से 8 यात्रियों की होती है। यह विमान कॉरपोरेट काम और सरकारी मूवमेंट में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। बताया जाता है कि यह विमान छोटे रनवे से आसानी से टेक ऑफ कर सकता है। अजित पवार के अलावा भी कई राजनेता, बिजनेस लीडर्स इसी विमान का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब जब इतना बड़ा हादसा हो गया है, इस विमान की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

ये भी पढ़ें- कितना बड़ा है अजित पवार का परिवार