महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि बारामती में प्लेन ने लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन उसी वक्त इतना बड़ा हादसा हो गया आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक अजित पवार VSR ऑपरेटर के लियरजेट-45 प्लेन में सवार थे। उस विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था। हादसे के वक्त विमान में पांच लोग सवार थे।

किस विमान में सवार थे अजित?

इस विमान की क्षमता आमतौर पर 6 से 8 यात्रियों की होती है। यह विमान कॉरपोरेट काम और सरकारी मूवमेंट में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। बताया जाता है कि यह विमान छोटे रनवे से आसानी से टेक ऑफ कर सकता है। अजित पवार के अलावा भी कई राजनेता, बिजनेस लीडर्स इसी विमान का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब जब इतना बड़ा हादसा हो गया है, इस विमान की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

पहले भी हादसे का शिकार हुआ यह विमान?

बड़ी बात यह है कि इससे पहले भी इसी मॉडल का एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार हो चुका है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के अनुसार 14 सितंबर 2023 को लियरजेट 45XR विमान विशाखापत्तनम से मुंबई के लिए रवाना हुआ था। विमान में छह यात्री सवार थे और शाम करीब 5:02 बजे IST पर मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान वो हादसे का शिकार हुआ। हादसे के बाद विमान में आग लग गई थी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अजित पवार कहां जा रहे थे?

अजित पवार हादसे की बात करें तो एनसीपी प्रमुख मुंबई से अपने गृहनगर बारामती जा रहे थे। वहां उन्हें जिला पंचायत चुनाव के प्रचार कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। विमान में उनके साथ कुल पांच लोग सवार थे। उड़ान के दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में घने बादल, तेज हवा और कम दृश्यता ने पायलट के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि खराब मौसम के कारण संतुलन बिगड़ा और विमान को आपात स्थिति में उतारने की कोशिश करनी पड़ी, लेकिन तभी हादसा हो गया।

हादसे की आवाज सुनकर सबसे पहले आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। खबर मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा एजेंसियां और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी सवारों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई।

ये भी पढ़ें- अजित पवार के निधन की हर खबर